भूषण बाड़ा मामले में निष्पक्ष जांच की मांग, बंधु तिर्की बोले- दोषी कोई भी हो, कार्रवाई होनी चाहिएBy Mid Time Bureau Mon, 16 November 2026 06:23 PM

रांची: पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस नेता बंधु तिर्की ने विधायक भूषण बाड़ा से जुड़े मामले और पत्रकार अभिषेक भारती के खिलाफ पुलिस कार्रवाई को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि विधायक पर लगाए गए आरोप गंभीर हैं और सरकार ने शिकायत मिलने के बाद बिना विलंब प्राथमिकी दर्ज कराई है। मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

बंधु तिर्की ने कहा कि जांच की प्रक्रिया में पक्ष और विपक्ष, दोनों को सहयोग करना चाहिए। पुलिस प्रशासन यदि जांच के सिलसिले में किसी पत्रकार या अन्य संबंधित व्यक्ति से पूछताछ करना चाहता है, तो उसे जांच का हिस्सा समझना चाहिए। उन्होंने कहा कि संभव है कि जांच के अगले चरण में संबंधित विधायक से भी पूछताछ की जाए। ऐसे में किसी को भी जांच में बाधा उत्पन्न नहीं करनी चाहिए।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि जिस मामले में पुलिस जांच कर रही है, उसमें राजनीतिक बयानबाजी करने के बजाय जांच पूरी होने देनी चाहिए। उन्होंने महिला पहलवानों से जुड़े मामले का उल्लेख करते हुए भाजपा नेताओं की भूमिका पर भी सवाल उठाए। साथ ही बाबूलाल मरांडी से एक युवती को लेकर स्थिति स्पष्ट करने की मांग की।

निशा भगत मामले का जिक्र करते हुए बंधु तिर्की ने भाजपा पर दोहरा रवैया अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं ने इस मामले में सीबीआई जांच की मांग की थी और सरकार ने जांच सीबीआई को सौंप दी है। अब भाजपा नेताओं को जांच में तेजी लाने के लिए संबंधित स्तर पर प्रयास करना चाहिए, न कि इस मुद्दे पर राजनीतिक बयानबाजी करनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि भाजपा आदिवासी समाज के मुद्दों को राजनीतिक लाभ के लिए इस्तेमाल कर रही है। झारखंड में आदिवासी समाज के सम्मान और अधिकारों को लेकर राजनीति नहीं होनी चाहिए। बंधु तिर्की ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस पार्टी किसी भी दोषी को बचाने के पक्ष में नहीं है। विधायक हो, पत्रकार हो या कोई अन्य व्यक्ति, यदि जांच में उसकी संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई होनी चाहिए।

अंत में उन्होंने भाजपा नेताओं से पुलिस की जांच प्रक्रिया में हस्तक्षेप नहीं करने की अपील की और कहा कि जांच पूरी होने के बाद सच्चाई सामने आ जाएगी।