
रांची: सिमडेगा के कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा पर नाबालिग आदिवासी बच्ची के यौन शोषण के आरोपों को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। पूर्व राज्यसभा सांसद ने विधायक पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि यह कोई पहली घटना नहीं है, बल्कि उनका ऐसा स्वभाव पहले भी सामने आ चुका है।
उन्होंने कहा कि 13 नवंबर को विधायक भूषण बाड़ा के खिलाफ नाबालिग आदिवासी बच्ची की ओर से प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। इसके बाद पीड़िता का न्यायिक मजिस्ट्रेट के समक्ष भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 183 के तहत बयान भी दर्ज कराया गया। पूर्व सांसद ने कहा कि मामला बेहद गंभीर है, क्योंकि इसमें आदिवासी समाज की एक नाबालिग बच्ची ने विधायक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।
पूर्व राज्यसभा सांसद ने विधायक के चुनावी हलफनामों का हवाला देते हुए दावा किया कि वर्ष 2019 और 2024 के विधानसभा चुनाव के दौरान दाखिल हलफनामों में भी उनके खिलाफ महिला थाना, सिमडेगा में दर्ज एक पुराने मामले का उल्लेख है। उन्होंने पुराने मामले का जिक्र करते हुए केस नंबर MLA/MP कोर्ट 5/21 और जीआर नंबर 320 का भी हवाला दिया।
उन्होंने सवाल उठाया कि जब विधायक के खिलाफ पहले भी इस तरह का मामला दर्ज होने की जानकारी चुनावी हलफनामे में मौजूद है, तो वर्तमान मामले को हल्के में कैसे लिया जा सकता है? उन्होंने आरोप लगाया कि विधायक को बचाने का प्रयास किया जा रहा है।
पूर्व सांसद ने कहा कि नाबालिग बच्ची के बयान के बाद पूरे मामले को गंभीरता से लिया जाना चाहिए। उन्होंने विधायक के खिलाफ लगे आरोपों की निष्पक्ष जांच और पीड़िता को न्याय दिलाने की मांग की।