अजय तिर्की और ज्योत्सना केरकेट्टा के घर पहुंची CBI, साक्ष्यों की तलाश तेजBy Mid Time Bureau Mon, 16 November 2026 06:55 PM

रांची: आदिवासी नेत्री निशा भगत आत्महत्या मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने जांच तेज कर दी है। सोमवार को CBI की टीम रांची के पहाड़ी मंदिर स्थित अजय तिर्की के आवास और ज्योत्सना केरकेट्टा के घर पहुंची। टीम में करीब आधा दर्जन अधिकारी शामिल हैं, जो मामले से जुड़े विभिन्न पहलुओं की पड़ताल कर रहे हैं। अधिकारियों ने दोनों स्थानों पर संभावित साक्ष्यों और आरोपों से संबंधित तथ्यों को खंगाला। जांच के दौरान कई बिंदुओं पर बारीकी से जानकारी जुटाई गई।

गौरतलब है कि आदिवासी नेत्री निशा भगत ने आत्महत्या से पहले सोशल मीडिया पर लाइव आकर अपनी परेशानी साझा की थी। इस दौरान उन्होंने अजय तिर्की का नाम लेते हुए कई गंभीर बातें कही थीं। लाइव वीडियो में वह जमीन के कारोबार से जुड़े कई लोगों पर नाराजगी जाहिर करती नजर आई थीं। उन्होंने यह भी कहा था कि उनके साथ कोई नहीं है। इस वीडियो के सामने आने के बाद मामला राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर काफी सुर्खियों में आ गया था।

मुख्यमंत्री के आदेश पर CBI कर रही जांच

निशा भगत की आत्महत्या के बाद मामले ने काफी तूल पकड़ लिया था। लाइव वीडियो में लगाए गए आरोपों और घटना की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मामले की CBI जांच के आदेश दिए थे। इसके बाद केंद्रीय जांच एजेंसी ने पूरे घटनाक्रम की पड़ताल शुरू की।

अब इसी कड़ी में CBI की टीम अजय तिर्की और ज्योत्सना केरकेट्टा के आवास पहुंचकर जांच से जुड़े साक्ष्य जुटाने में लगी है। एजेंसी की इस कार्रवाई को निशा भगत के लाइव वीडियो में सामने आए आरोपों और आत्महत्या से जुड़े घटनाक्रम की जांच के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। हालांकि, दोनों स्थानों पर हुई जांच के दौरान अधिकारियों को क्या तथ्य या साक्ष्य मिले हैं, इस संबंध में CBI की ओर से फिलहाल कोई विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।