
रांची: ऑल इंडिया प्रोफेशनल्स कांग्रेस, झारखंड के प्रभारी एवं प्रदेश कांग्रेस महासचिव आदित्य विक्रम जायसवाल की अगुवाई में सोमवार को प्रेस क्लब, रांची में कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी की पुस्तक ‘बिलॉन्गिंग – अ जर्नी ऑफ लव’ पर विशेष पुस्तक पाठ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं एवं बुद्धिजीवियों ने पुस्तक के विभिन्न अंशों का पाठ किया और सोनिया गांधी के जीवन, संघर्ष, व्यक्तिगत अनुभवों तथा राजनीतिक एवं सामाजिक यात्रा पर विस्तार से चर्चा की।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश उपस्थित रहे। इनके अलावा प्रदेश मीडिया संयोजक लाल किशोर नाथ शाहदेव, शशि भूषण राय, सोशल मीडिया चेयरमैन गजेंद्र सिंह, सूर्यकांत शुक्ला और जया जायसवाल सहित कई कांग्रेस नेता शामिल हुए। इस दौरान अतिथियों को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया।
पुस्तक पाठ के दौरान सोनिया गांधी के जीवन से जुड़े भावनात्मक प्रसंगों, उनके व्यक्तिगत अनुभवों, रिश्तों, प्रेम, त्याग और संघर्ष के विभिन्न पहलुओं को साझा किया गया। वक्ताओं ने कहा कि यह पुस्तक केवल एक राजनीतिक व्यक्तित्व की जीवन यात्रा नहीं, बल्कि मानवीय संवेदनाओं और जीवन के अनुभवों को भी सामने लाती है।
इस अवसर पर आदित्य विक्रम जायसवाल ने कहा कि सोनिया गांधी की पुस्तक उनके जीवन के अनुभवों, त्याग, संघर्ष और प्रेम की कहानी है। इसमें उनके व्यक्तिगत जीवन के साथ-साथ देश की राजनीतिक और सामाजिक यात्रा के कई महत्वपूर्ण पहलुओं का भी उल्लेख है। पुस्तक के माध्यम से उनके विचारों और जीवन को बेहतर ढंग से समझने का अवसर मिलता है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि सोनिया गांधी का जीवन भारतीय लोकतंत्र, सामाजिक एकता और संविधान के मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है। पुस्तक के माध्यम से उनके जीवन के कई ऐसे पहलुओं को जानने का अवसर मिलता है, जिनसे आम लोग सामान्यतः परिचित नहीं हैं। उनके अनुभव और विचार समाज के लिए प्रेरणादायक हैं।
वहीं, लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि पुस्तक पाठ जैसे आयोजन समाज में पढ़ने-लिखने की संस्कृति को बढ़ावा देते हैं। ऐसे कार्यक्रम लोगों को अपने विचार साझा करने और दूसरों के विचारों को समझने का अवसर प्रदान करते हैं।
कार्यक्रम में पुस्तक पाठ करने वालों में डॉ. रीमा खलखो, डॉ. सिद्धार्थ, उत्कर्ष मिश्रा, प्रिया थॉमस और एलेन एंड्रयू प्रमुख रूप से शामिल रहे। मौके पर कांग्रेस नेता राजू राम, प्रभात अग्रवाल, सरवर पॉल, अनिल सिंह, गौरव आनंद, राहुल रे, आसिफ जियाउल और समुद्र गुप्त सहित अन्य लोग उपस्थित थे।