
रांची: नई कमेटी में नए और सक्रिय सदस्यों को मिला मौका, वैश्य समाज के अधिकारों की लड़ाई तेज करने का ऐलान
रांची। झारखंड प्रदेश वैश्य मोर्चा ने संगठन के विस्तार और मजबूती की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए अपनी 71 सदस्यीय केंद्रीय कमेटी की घोषणा की है। मोर्चा के केंद्रीय अध्यक्ष महेश्वर साहू ने 17 नवंबर को रांची के रेडियम रोड स्थित होटल आलोक में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में नई कमेटी की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि संगठन के आठवें स्थापना दिवस के बाद केंद्रीय कमेटी का पुनर्गठन किया गया है। इसका उद्देश्य नए, सक्रिय और समर्पित सदस्यों को संगठन में आगे बढ़ने का अवसर देना है।
महेश्वर साहू ने बताया कि 75 सदस्यीय केंद्रीय समिति में विभिन्न पदों पर चार स्थान रिक्त रखे गए हैं। इसके अलावा संरक्षक, सलाहकार, जिलाध्यक्षों और प्रकोष्ठ संगठनों की घोषणा तीन दिनों के भीतर की जाएगी। सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह आगामी 20 दिसंबर को रांची में आयोजित होगा।
घोषित कमेटी में महेश्वर साहू को केंद्रीय अध्यक्ष बनाया गया है। रेखा मंडल (धनबाद) और हीरानाथ साहू (कांके) को कार्यकारी अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं रामसेवक प्रसाद अधिवक्ता और संजीव चौधरी को वरीय उपाध्यक्ष बनाया गया है। इसके अलावा सुरेश साहू, सुनील साव, शिवपूजन साहू, लक्ष्मण साहू और अश्विनी साहू समेत कई लोगों को उपाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
योगेंद्र प्रसाद, प्रमोद चौधरी, अवध बिहारी प्रसाद और अन्य सदस्यों को केंद्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है। वीरेंद्र कुमार को प्रधान महासचिव, उपेंद्र प्रसाद और अशोक गुप्ता को उपप्रधान महासचिव की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं आदित्य नारायण प्रसाद, दिलीप प्रसाद, कपिल प्रसाद साहू समेत कई लोगों को केंद्रीय महासचिव बनाया गया है। नई कमेटी में संगठन महामंत्री, मुख्य प्रवक्ता, प्रवक्ता, केंद्रीय सचिव, संगठन सचिव, कोषाध्यक्ष, मीडिया प्रभारी और कार्यकारिणी सदस्यों को भी शामिल किया गया है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में महेश्वर साहू ने कहा कि किसी भी लड़ाई को मजबूती से लड़ने के लिए संगठन का मजबूत होना जरूरी है। वैश्य समाज की आवाज को बुलंद करने के लिए नए लोगों को केंद्रीय कमेटी में शामिल किया गया है। उन्होंने कहा कि झारखंड आंदोलनकारी भी वैश्य समाज से जुड़े रहे हैं और रोजगार तथा सम्मान की लड़ाई को आगे बढ़ाया जाएगा।
साहू ने दावा किया कि झारखंड में वैश्य समाज की आबादी लगभग 40 प्रतिशत है। इसके बावजूद समाज को राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर अपेक्षित प्रतिनिधित्व नहीं मिल रहा है। उन्होंने कहा कि वैश्य समाज केवल अपने अधिकारों की बात नहीं करता, बल्कि संविधान और लोकतंत्र में विश्वास रखता है। महात्मा गांधी, सरदार पटेल, राममनोहर लोहिया और शहीद भगत सिंह जैसे महापुरुषों के विचार समाज को प्रेरणा देते हैं।
उन्होंने कहा कि समाज के अधिकार और सम्मान की लड़ाई आगे भी जारी रहेगी। अपनी मांगों को लेकर आगामी दिनों में विधानसभा के विशेष सत्र के दौरान वैश्य मोर्चा धरना-प्रदर्शन भी करेगा।