
Ranchi: झारखंड में महिलाओं और आदिवासी बेटियों की सुरक्षा का मुद्दा एक बार फिर राजनीतिक बहस के केंद्र में है। इस बार BJP ने इसे लेकर सीधे राज्यपाल का दरवाजा खटखटाया है। अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सन्नी टोप्पो के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल राज्यपाल संतोष गंगवार से मिला और कई मामलों का हवाला देते हुए कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए।
सबसे प्रमुख मुद्दा सिमडेगा के कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा से जुड़ा मामला रहा। प्रतिनिधिमंडल ने नाबालिग लड़की की शिकायत में लगाए गए यौन शोषण, मारपीट, गर्भपात कराने और जान से मारने की धमकी जैसे आरोपों का जिक्र किया। BJP का सवाल है कि FIR दर्ज होने के बाद भी अब तक गिरफ्तारी क्यों नहीं हुई? प्राथमिकी के बाद पीड़िता को कथित तौर पर विधायक आवास किसके आदेश पर ले जाया गया? और क्या इस दौरान उस पर दबाव बनाने की कोशिश हुई? पार्टी ने इन सवालों की जांच न्यायिक निगरानी में कराने की मांग की।
लेकिन BJP का ज्ञापन सिर्फ इसी मामले तक सीमित नहीं रहा। इसमें आदिवासी नेत्री निशा भगत की मौत, गम्हरिया थाना परिसर में महिला से दुष्कर्म के आरोप और गोड्डा के सुंदरपहाड़ी मिशन से जुड़े यौन शोषण के आरोपों को भी उठाया गया। साथ ही, इन मामलों को उजागर करने वाले पत्रकारों और न्यूज चैनल के खिलाफ हुई पुलिस कार्रवाई पर भी सवाल उठाए गए।
प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल से इन सभी मामलों की स्वतंत्र एजेंसी से समयबद्ध जांच कराने और पीड़िताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए राज्य सरकार को निर्देश देने का आग्रह किया।
ज्ञापन सौंपने के दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष गीता कोड़ा, महिला मोर्चा अध्यक्ष सीमा सिंह, प्रवक्ता अशोक बड़ाईक और आरती कुजूर समेत कई नेता मौजूद रहे। अब देखना होगा कि इन मांगों पर राजभवन और राज्य सरकार की ओर से क्या कदम उठाए जाते हैं।

