भूषण बाड़ा मामले में जल्दबाजी से बचने की सलाह, कोर्ट पर छोड़ा फैसला : विकास मुंडाBy Mid Time Bureau Tue, 17 November 2026 05:52 PM

रांची: सिमडेगा विधायक भूषण बाड़ा पर लगे गंभीर आरोपों को लेकर भाजपा लगातार उनकी गिरफ्तारी की मांग कर रही है। इस बीच झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की ओर से आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में तमाड़ विधायक विकास मुंडा ने मामले में कानूनी प्रक्रिया का इंतजार करने की बात कही। उन्होंने कहा कि मामले में प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस पॉक्सो एक्ट के तहत निर्धारित प्रक्रिया का पालन कर रही है।

विकास मुंडा ने कहा कि नाबालिग से जुड़े अपराध के मामलों में पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई का प्रावधान है। उनकी जानकारी के अनुसार, पुलिस इस मामले में पॉक्सो एक्ट की प्रक्रिया का पूरी तरह पालन कर रही है और उसी दिशा में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में पीड़िता के बयान के आधार पर कानूनी प्रक्रिया आगे बढ़ती है। इसलिए इस मामले में जल्दबाजी में किसी निष्कर्ष पर पहुंचने के बजाय जांच और कानूनी प्रक्रिया पूरी होने का इंतजार करना चाहिए।

विकास मुंडा ने कहा कि कुछ फैसले अदालत पर छोड़ देना ही उचित होगा। उन्होंने मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पक्षों से कानूनी प्रक्रिया पर भरोसा रखने और थोड़ा इंतजार करने की अपील की।