
चतरा: चतरा के टंडवा स्थित NTPC के उत्तरी कर्णपुरा मेगा विद्युत ताप परियोजना में हुए हादसे ने तीन मजदूरों की जान ले ली। निर्माणाधीन कन्वेयर बेल्ट का स्ट्रक्चर टूटने से हुए इस हादसे में कई मजदूर घायल भी हुए हैं। इनमें 5 से 6 मजदूरों की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद घायलों को टंडवा के संजीवनी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इस हादसे पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि NTPC में हुई दुर्घटना में जनहानि की खबर अत्यंत दुखद है। मुख्यमंत्री ने बताया कि जिला प्रशासन घायलों को हर संभव चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करा रहा है। साथ ही संबंधित अधिकारियों को घायलों के समुचित इलाज और प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता देने का निर्देश दिया गया है। मुख्यमंत्री ने दिवंगत लोगों की आत्मा की शांति और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।
जानकारी के मुताबिक, बुधवार को करीब 11 बजकर 45 मिनट पर NTPC के CHP-JH-1 लोकेशन पर निर्माणाधीन कन्वेयर बेल्ट का स्ट्रक्चर टूट गया। हादसे में मौके पर ही तीन मजदूरों की मौत हो गई। मृतकों में टंडवा निवासी राजेंद्र सोनी की पहचान हुई है, जबकि दो अन्य की पहचान की जा रही है। थाना प्रभारी विपिन कुमार ने तीन मजदूरों की मौत की पुष्टि की है।
प्रारंभिक जानकारी में कन्वेयर बेल्ट टूटने की बात सामने आई है। वहीं, निर्माणाधीन स्ट्रक्चर के डिजाइन में कथित खामी को भी हादसे की संभावित वजह बताया जा रहा है। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों का अभी आधिकारिक खुलासा नहीं हुआ है।
इस परियोजना में निर्माण कार्य का ठेका थायसन कंपनी को दिया गया है और काम पेटी ठेकेदार सिंपलेक्स कंपनी के जरिए कराया जा रहा था। अब हादसे के बाद निर्माण स्थल पर मजदूरों की सुरक्षा और निर्माण कार्य में अपनाए जा रहे सुरक्षा मानकों को लेकर सवाल उठ रहे हैं। हादसे की जांच के बाद ही इसकी असल वजह स्पष्ट हो सकेगी।