
रांची: राजधानी रांची के धुर्वा थाना क्षेत्र स्थित जेपी मार्केट के टेस्टी अंदाज रेस्टोरेंट में एक ग्राहक ने मामूली विवाद के दौरान रेस्टोरेंट के कर्मचारी की चाकू मारकर हत्या कर दी। घटना 17 नवंबर की रात करीब 9:40 बजे की है। मृतक की पहचान 36 वर्षीय अजय कुमार दास के रूप में हुई है, जो मूल रूप से गिरिडीह जिले के तिसरी के रहने वाले थे। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, 17 नवंबर की रात सूचना मिली थी कि जेपी मार्केट स्थित टेस्टी अंदाज रेस्टोरेंट में एक ग्राहक ने कर्मचारी के गले पर चाकू से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया है। सूचना मिलते ही धुर्वा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सुरक्षित करते हुए घायल अजय कुमार दास को इलाज के लिए पारस अस्पताल भेजा। हालांकि, इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर हटिया के वरीय पुलिस उपाधीक्षक नीरज कुमार झा के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस ने घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज की जांच की और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान धुर्वा थाना क्षेत्र के डायमंड फील्ड निवासी अमित कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल किया गया खून लगा चाकू, आरोपी का मोबाइल फोन और घटना के समय पहना हुआ खून लगा शर्ट जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ धुर्वा थाना में वर्ष 2025 में कांड संख्या 59/25 दर्ज किया गया था। फिलहाल धुर्वा थाना में कांड संख्या 307/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) में मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।
छापेमारी दल में हटिया के वरीय पुलिस उपाधीक्षक नीरज कुमार झा, धुर्वा थाना प्रभारी अनील कुमार तिवारी सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।