टंडवा NTPC हादसे की होगी जांच, तीन श्रमिकों की मौत के बाद प्रबंधन ने दिया बयानBy Mid Time Bureau Wed, 18 November 2026 05:10 PM

झारखंड के चतरा जिले के टंडवा स्थित नॉर्थ कर्णपुरा सुपर थर्मल पावर प्रोजेक्ट (NKSTPP) में हुए हादसे को लेकर आधिकारिक बयान सामने आया है। निर्माणाधीन कन्वेयर बेल्ट पर काम के दौरान हुई दुर्घटना में तीन श्रमिकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। हादसे के बाद परियोजना परिसर में शोक का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, दुर्घटना के समय निर्माणाधीन कन्वेयर बेल्ट पर काम चल रहा था। इसी दौरान यह हादसा हुआ। इसमें मेसर्स सिम्प्लेक्स इंफ्रास्ट्रक्चर्स लिमिटेड और मेसर्स थिसेनक्रुप (ThyssenKrupp) के अंतर्गत काम करने वाले तीन श्रमिकों की जान चली गई। वहीं, दो श्रमिक घायल हुए हैं।

घटना पर शोक जताते हुए प्रबंधन ने कहा है कि इस दुर्घटना से पूरा परिवार दुखी है। इस मुश्किल घड़ी में प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता और सहयोग देने का भरोसा दिया गया है।

वहीं, हादसे में घायल दोनों श्रमिकों का समुचित इलाज कराया जा रहा है। दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है। जांच पूरी होने के बाद घटना से जुड़ी विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी।

फिलहाल इस हादसे ने निर्माणाधीन परियोजनाओं में श्रमिकों की सुरक्षा और कार्यस्थल पर सुरक्षा इंतजामों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।