
खराब मौसम ने हवाई सेवाओं को प्रभावित किया है। शुक्रवार को रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर विमानों के परिचालन में देरी देखने को मिली। देश के अलग-अलग शहरों से रांची आने वाली पांच फ्लाइट अपने निर्धारित समय से देर से पहुंचीं, जबकि दिल्ली से रांची आने वाली एक फ्लाइट को रद्द करना पड़ा।
दिल्ली से रांची आने वाली एक फ्लाइट को खराब मौसम के कारण रद्द कर दिया गया। यह विमान दोपहर 2 बजकर 15 मिनट पर रांची पहुंचने वाला था। हालांकि, यात्रियों को इसकी सेवा नहीं मिल सकी।
शुक्रवार को पुणे, दिल्ली, बेंगलुरु और मुंबई से रांची आने वाली फ्लाइट के समय पर भी असर पड़ा। पुणे से आने वाला विमान सुबह 7:30 बजे के बजाय 7:46 बजे पहुंचा। वहीं, दिल्ली से आने वाली दूसरी फ्लाइट अपने निर्धारित समय 9:20 बजे की जगह 9:47 बजे रांची पहुंची।
बेंगलुरु से आने वाला विमान भी सुबह 9:30 बजे के बजाय 9:58 बजे लैंड हुआ। इसके अलावा मुंबई से आने वाली एक फ्लाइट दोपहर 1:30 बजे की जगह 1:53 बजे पहुंची। वहीं, मुंबई से ही आने वाला दूसरा विमान निर्धारित समय 3:30 बजे के बजाय शाम 4:18 बजे रांची एयरपोर्ट पर उतरा।
फ्लाइट के रद्द होने और विमानों के विलंब से पहुंचने के कारण यात्रियों को काफी परेशानी हुई। यात्रियों को एयरपोर्ट पर इंतजार करना पड़ा। खराब मौसम को विमानों के परिचालन में आई इस बाधा की मुख्य वजह बताया गया।