10वीं बोर्ड परीक्षा से पहले 11वीं में नामांकन की तैयारी, ₹2,000 रजिस्ट्रेशन फीस पर उठे सवालBy Mid Time Bureau Sat, 21 November 2026 02:40 PM

रांची में कक्षा 10वीं की बोर्ड परीक्षा से पहले ही विद्यार्थियों के सामने 11वीं में नामांकन की प्रक्रिया शुरू होने का मामला चर्चा में है। रांची के जेवीएम श्यामली समेत कुछ विद्यालयों में 11वीं में प्रवेश के लिए अग्रिम आवेदन और रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया शुरू किए जाने पर अभिभावकों ने आपत्ति जताई है। खास तौर पर ₹2,000 रजिस्ट्रेशन शुल्क लिए जाने को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं।

इस मामले को लेकर झारखंड पेरेंट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय राय ने रांची के जिला शिक्षा पदाधिकारी (DEO) को ईमेल के जरिए ज्ञापन भेजा है। उन्होंने पूरे मामले की जांच कराने और जरूरी हस्तक्षेप करने की मांग की है।

बोर्ड परीक्षा से पहले नामांकन का दबाव क्यों?

दरअसल, 10वीं के विद्यार्थी इन दिनों अपनी बोर्ड परीक्षा की तैयारी में जुटे हैं। CBSE और ICSE बोर्ड की परीक्षाओं का कार्यक्रम भी जारी हो चुका है। CBSE की 10वीं बोर्ड परीक्षा 16 फरवरी से 9 मार्च 2027 तक, जबकि ICSE की परीक्षा 15 फरवरी से 31 मार्च 2027 तक आयोजित होनी है।

ऐसे समय में 11वीं में दाखिले के लिए आवेदन, रजिस्ट्रेशन फीस और प्रवेश परीक्षा की प्रक्रिया शुरू होने से विद्यार्थियों पर अतिरिक्त दबाव पड़ने की आशंका जताई जा रही है। अभिभावकों का कहना है कि बोर्ड परीक्षा की तैयारी के बीच अगली कक्षा में प्रवेश की समयसीमा और शुल्क जमा करने की चिंता बच्चों के मानसिक तनाव को बढ़ा सकती है।

₹2,000 रजिस्ट्रेशन फीस पर भी सवाल

अजय राय ने सवाल उठाया है कि जब विद्यार्थियों के सामने 10वीं की बोर्ड परीक्षा जैसी महत्वपूर्ण चुनौती है, तो इस समय उन्हें 11वीं की नामांकन प्रक्रिया में शामिल करना कितना उचित है? उन्होंने कहा कि स्कूलों को विद्यार्थियों की पढ़ाई और मानसिक स्थिति को प्राथमिकता देनी चाहिए। बोर्ड परीक्षा समाप्त होने के बाद भी नामांकन की प्रक्रिया पूरी की जा सकती है।

उन्होंने यह भी सवाल किया कि क्या विद्यार्थियों की परीक्षा की तैयारी से ज्यादा प्राथमिकता अग्रिम नामांकन और रजिस्ट्रेशन शुल्क वसूलने को दी जा रही है?

DEO से जांच और कार्रवाई की मांग

इस मामले में जिला शिक्षा पदाधिकारी से जेवीएम श्यामली समेत संबंधित विद्यालयों की नामांकन प्रक्रिया की जांच कराने की मांग की गई है। साथ ही ₹2,000 और अन्य शुल्क की वैधता, जरूरत और पारदर्शिता की भी पड़ताल करने की अपील की गई है।

अजय राय ने प्रशासन से यह सुनिश्चित करने को कहा है कि विद्यालयों की ओर से विद्यार्थियों और अभिभावकों पर नामांकन के लिए अनावश्यक दबाव न बनाया जाए।

उनका कहना है कि फिलहाल बच्चों का पूरा ध्यान बोर्ड परीक्षा की तैयारी पर होना चाहिए। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि विद्यार्थी पहले 10वीं की परीक्षा पर ध्यान दें या अभी से 11वीं में दाखिले की दौड़ में शामिल हों?