
रांची: झारखंड की पूर्व विधायक अंबा प्रसाद को कांग्रेस संगठन में बड़ा झटका लगा है। पहले सरकारी आवास खाली कराने को लेकर चर्चा में रहीं अंबा प्रसाद को अब पार्टी ने राष्ट्रीय सचिव की जिम्मेदारी से भी हटा दिया है। कांग्रेस की ओर से 19 नवंबर को संगठनात्मक फेरबदल के तहत 81 नए राष्ट्रीय सचिवों की सूची जारी की गई है। इस सूची में अंबा प्रसाद का नाम शामिल नहीं है। हालांकि, पार्टी की ओर से उन्हें पद से हटाने की कोई आधिकारिक वजह स्पष्ट नहीं की गई है।
गौरतलब है कि नवंबर की शुरुआत में अंबा प्रसाद का सरकारी आवास खाली कराया गया था। इस कार्रवाई के दौरान उन्होंने आवास के बाहर टेंट लगाकर धरना भी दिया था। सरकारी आवास को लेकर हुए इस घटनाक्रम के बाद अब राष्ट्रीय स्तर पर संगठनात्मक फेरबदल में उनका नाम बाहर होना राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है।
कांग्रेस की नई सूची में केवल अंबा प्रसाद ही नहीं, बल्कि 25 पुराने राष्ट्रीय सचिवों और संयुक्त सचिवों को भी जिम्मेदारी से मुक्त किया गया है। पार्टी ने संगठन को नए सिरे से मजबूत करने के उद्देश्य से यह बदलाव किया है।
वहीं, झारखंड के लिहाज से इस फेरबदल में कुछ नए नामों को भी जगह मिली है। राज्य के प्रणव झा को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के कार्यालय से जोड़ा गया है। इसके अलावा भीम कुमार और बॉबी भगत को राष्ट्रीय सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
फिलहाल अंबा प्रसाद को राष्ट्रीय सचिव पद से हटाए जाने के पीछे की वजह सामने नहीं आई है। लेकिन सरकारी आवास खाली कराने के घटनाक्रम के बाद संगठन में मिली जिम्मेदारी का छिनना उनके राजनीतिक सफर को लेकर नए सवाल खड़े कर रहा है।