
Ranchi: बोकारो के ललपनिया में 22 नवंबर से शुरू होने जा रहे लुगू बुरु घांटाबाड़ी धोरोमगढ़ राजकीय महोत्सव को लेकर तैयारियां तेज हैं। तीन दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की भागीदारी को लेकर भी आयोजन समिति ने पहल की है। शनिवार को समिति के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर उन्हें महोत्सव में आने का आमंत्रण दिया।
कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में हुई इस मुलाकात में बोकारो के उपायुक्त अजय नाथ झा और पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीना भी मौजूद रहे। उपायुक्त ने मुख्यमंत्री को आयोजन की तैयारियों और व्यवस्थाओं की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने महोत्सव के सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस मौके पर अंतरराष्ट्रीय संताल सरना धर्म महासम्मेलन आयोजन समिति के अध्यक्ष बबुली सोरेन और सदस्य लुदू मांझी भी उपस्थित रहे।
22 से 24 नवंबर तक ललपनिया स्थित टीटीपीएस परिसर में होने वाला यह महोत्सव संताल समुदाय की धार्मिक आस्था, परंपरा और सांस्कृतिक पहचान से जुड़ा है। इस आयोजन में देश के अलग-अलग हिस्सों से श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है।
