
CBSE क्षेत्रीय अधिकारी राजीव शर्मा से मिलकर एसोसिएशन ने सौंपा ज्ञापन, कार्रवाई का मिला आश्वासन; जिला शिक्षा पदाधिकारी ने जेवीएम श्यामली सहित जिले के सभी निजी विद्यालयों की जांच का दिया निर्देश
रांची, 26 नवंबर 2026। कक्षा 10वीं की बोर्ड परीक्षा से पहले ही कक्षा 11वीं में नामांकन के नाम पर विद्यार्थियों से अग्रिम आवेदन भरवाने और ₹2,000 से ₹3,000 तक रजिस्ट्रेशन शुल्क वसूलने के मामले में झारखंड पेरेंट्स एसोसिएशन की पहल पर शिक्षा विभाग ने संज्ञान लेते हुए जांच की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
इस गंभीर मुद्दे को लेकर झारखंड पेरेंट्स एसोसिएशन के एक प्रतिनिधिमंडल ने आज केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) के क्षेत्रीय कार्यालय, पुंदाग, रांची में क्षेत्रीय अधिकारी श्री राजीव शर्मा से मुलाकात कर उन्हें विस्तृत ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने जेवीएम श्यामली सहित सीबीएसई से संबद्ध विभिन्न विद्यालयों द्वारा कक्षा 10वीं की बोर्ड परीक्षा से पहले ही कक्षा 11वीं में नामांकन के लिए अग्रिम आवेदन आमंत्रित करने और विद्यार्थियों से ₹2,000 से ₹3,000 तक रजिस्ट्रेशन शुल्क लेने की प्रक्रिया पर तत्काल रोक लगाने तथा इसकी निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल ने क्षेत्रीय अधिकारी के समक्ष सवाल उठाया कि जब विद्यार्थियों की कक्षा 10वीं की बोर्ड परीक्षा अभी हुई भी नहीं है और परीक्षा परिणाम भी घोषित नहीं हुआ है, तो फिर विद्यालयों को इतनी जल्दबाजी में अगली कक्षा के नामांकन की प्रक्रिया शुरू करने और विद्यार्थियों से मोटी रकम वसूलने की आवश्यकता क्यों पड़ रही है? क्या इस संबंध में सीबीएसई की कोई स्पष्ट अनुमति अथवा दिशा-निर्देश है? यदि रजिस्ट्रेशन शुल्क विद्यालय स्वयं निर्धारित कर रहे हैं, तो उसकी वैधता और औचित्य क्या है? साथ ही, यदि कोई विद्यार्थी बाद में किसी दूसरे विद्यालय में नामांकन लेना चाहता है, तो पहले जमा की गई राशि वापस करने की क्या व्यवस्था है?
एसोसिएशन ने कहा कि बोर्ड परीक्षा की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को आवेदन की अंतिम तिथि, प्रवेश प्रक्रिया और रजिस्ट्रेशन शुल्क के नाम पर मानसिक एवं आर्थिक दबाव में डालना उचित नहीं है। इससे बच्चों का ध्यान उनकी वर्तमान परीक्षा की तैयारी से भटक सकता है। विद्यालयों का दायित्व शिक्षा देना है, न कि अगली कक्षा में नामांकन के नाम पर समय से पहले आर्थिक वसूली की प्रतिस्पर्धा शुरू करना।
क्षेत्रीय अधिकारी श्री राजीव शर्मा ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुना और इस मामले में विधि सम्मत यथोचित कार्रवाई सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया।
इधर, जिला शिक्षा पदाधिकारी ने भी शुरू कराई जांच प्रक्रिया
इस मामले में एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम यह भी है कि झारखंड पेरेंट्स एसोसिएशन द्वारा जिला शिक्षा पदाधिकारी, रांची को दिए गए ज्ञापन पर विभाग ने कार्रवाई शुरू कर दी है। जिला शिक्षा पदाधिकारी ने जेवीएम श्यामली सहित रांची जिले के अंतर्गत आने वाले सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों, क्षेत्र शिक्षा पदाधिकारियों एवं अनुमंडल शिक्षा पदाधिकारियों को पत्र जारी कर अपने-अपने क्षेत्राधिकार में आने वाले निजी विद्यालयों का निरीक्षण करने और इस संबंध में विस्तृत जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है।
इस आदेश के बाद अब जिले के विभिन्न निजी विद्यालयों में कक्षा 11वीं में अग्रिम नामांकन के लिए आवेदन और रजिस्ट्रेशन शुल्क वसूली की प्रक्रिया की जांच होगी। झारखंड पेरेंट्स एसोसिएशन ने इसे अभिभावकों और विद्यार्थियों के हित में एक सकारात्मक कदम बताया है।
अजय राय ने कहा—बच्चों का भविष्य शिक्षा से तय होगा, अग्रिम रजिस्ट्रेशन फीस से नहीं
झारखंड पेरेंट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि एसोसिएशन की लड़ाई किसी विद्यालय विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि शिक्षा के नाम पर विद्यार्थियों और अभिभावकों पर डाले जा रहे अनावश्यक दबाव तथा अपारदर्शी शुल्क वसूली की व्यवस्था के खिलाफ है। जब तक कक्षा 10वीं की बोर्ड परीक्षा संपन्न नहीं हो जाती और परीक्षा परिणाम सामने नहीं आ जाता, तब तक विद्यार्थियों को कक्षा 11वीं में प्रवेश के नाम पर मानसिक एवं आर्थिक दबाव में डालना किसी भी दृष्टिकोण से उचित नहीं है।
उन्होंने कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि बोर्ड परीक्षा की तैयारी कर रहे बच्चों को अपनी पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित करने के बजाय इस चिंता में डाल दिया गया है कि वे समय पर आवेदन नहीं कर पाए तो कहीं उन्हें अपनी पसंद के विद्यालय में नामांकन से वंचित न होना पड़े। विद्यालयों को यह समझना चाहिए कि विद्यार्थी कोई व्यावसायिक ग्राहक नहीं हैं, जिनसे अगली कक्षा में प्रवेश के नाम पर महीनों पहले रजिस्ट्रेशन शुल्क वसूला जाए।
अजय राय ने कहा कि CBSE और जिला शिक्षा पदाधिकारी, रांची द्वारा इस मामले में संज्ञान लिया जाना झारखंड पेरेंट्स एसोसिएशन की अभिभावक हितों के प्रति प्रतिबद्धता का परिणाम है। हालांकि, केवल जांच शुरू होना पर्याप्त नहीं है। जांच के निष्कर्षों के आधार पर स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी होने चाहिए और यदि किसी विद्यालय द्वारा नियमों के विपरीत शुल्क वसूली या विद्यार्थियों पर अनुचित दबाव बनाने की पुष्टि होती है, तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई भी होनी चाहिए।
उन्होंने CBSE से मांग की कि कक्षा 10वीं की बोर्ड परीक्षा से पहले कक्षा 11वीं में अग्रिम आवेदन और रजिस्ट्रेशन शुल्क लेने के संबंध में सभी संबद्ध विद्यालयों के लिए स्पष्ट एवं एकसमान दिशा-निर्देश जारी किए जाएं। साथ ही, शुल्क की पारदर्शिता, उसकी वापसी की नीति और विद्यार्थियों के हितों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
अजय राय ने स्पष्ट किया कि झारखंड पेरेंट्स एसोसिएशन विद्यार्थियों के हितों की रक्षा के लिए इस मामले को लगातार उठाता रहेगा। जब तक अभिभावकों को न्याय और विद्यालयों की नामांकन एवं शुल्क वसूली प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित नहीं होती, तब तक एसोसिएशन का संघर्ष जारी रहेगा।
प्रतिनिधि मंडल में अजय राय,प्रवीण कुजूर ,अनिकेत सिंह,मुकेश साहू,आकाश पासवान शामिल थे।