झारखंड में तीन दिवसीय सांस्कृतिक महोत्सव का आगाज, जनजातीय कला-संस्कृति की दिखेगी झलकBy Mid Time Bureau Thu, 26 November 2026 09:36 PM

झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा और राज्य सरकार के दूसरे कार्यकाल की दूसरी वर्षगांठ के उपलक्ष्य में आयोजित तीन दिवसीय सांस्कृतिक महोत्सव की शुरुआत गुरुवार को भव्य समारोह के साथ हुई। कार्यक्रम का उद्घाटन राज्य सरकार के मंत्री दीपक बिरुवा, दीपिका पांडेय सिंह और संजय प्रसाद ने संयुक्त रूप से किया।

उद्घाटन के बाद आयोजित सांस्कृतिक संध्या में झारखंड की समृद्ध लोक एवं जनजातीय परंपराओं के साथ शास्त्रीय कला का भी प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत रांची के कुश कुमार करुवा के बांसुरी वादन से हुई। इसके बाद मुंडारी, नागपुरी, उरांव और संथाली लोकनृत्यों की सामूहिक प्रस्तुति ने दर्शकों को झारखंड की विविध सांस्कृतिक विरासत से रूबरू कराया।

महोत्सव में गुरु तपन कुमार पटनायक के निर्देशन में सरायकेला छऊ नृत्य की प्रस्तुति दी गई। वहीं, वर्षा लकड़ा और उनके दल ने आधुनिक नागपुरी नृत्य प्रस्तुत किया। इसके अलावा ‘द सजनी ग्रुप’ की महिला कलाकारों ने आधुनिक नागपुरी गीत-संगीत के माध्यम से कार्यक्रम में रंग जमाया।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ आयोजन स्थल पर विभिन्न सरकारी विभागों की ओर से प्रदर्शनी स्टॉल भी लगाए गए हैं। इनमें सूचना एवं जनसंपर्क, खेल-कूद एवं युवा संस्कृति, गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन तथा सूचना प्रौद्योगिकी विभाग समेत कई अन्य विभाग शामिल हैं। महोत्सव परिसर में करीब 160 स्टॉल स्थापित किए गए हैं, जहां सरकारी योजनाओं, विभागीय उपलब्धियों और स्थानीय उत्पादों को प्रदर्शित किया जा रहा है।

इस अवसर पर गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग की प्रधान सचिव वंदना दादेल, ग्रामीण विकास विभाग के सचिव मनोज कुमार, संस्कृति निदेशक आसिफ एकराम, खादी बोर्ड के निदेशक आलोक कुमार, उद्योग निदेशक विशाल सागर, सूचना प्रौद्योगिकी निदेशक माधवी मिश्रा, पर्यटन सचिव मुकेश कुमार, पर्यटन निदेशक नमन प्रियेश, झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अनन्य मित्तल और झारक्राफ्ट की प्रबंध निदेशक गरिमा सिंह समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

तीन दिनों तक चलने वाले इस महोत्सव के जरिए झारखंड की सांस्कृतिक पहचान, पारंपरिक कलाओं और जनजातीय विरासत को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही, विभिन्न प्रदर्शनियों और गतिविधियों के माध्यम से राज्य में चल रही विकास योजनाओं और सरकार की उपलब्धियों को भी लोगों तक पहुंचाया जाएगा। आने वाले दो दिनों में भी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और अन्य कार्यक्रमों का सिलसिला जारी रहेगा।