चतरा में ED की बड़ी दबिश! पत्थर-बालू कारोबारियों के ठिकानों पर छापेमारी से मचा हड़कंपBy Mid Time Bureau Fri, 27 November 2026 02:12 PM

चतरा: झारखंड के चतरा जिले के हंटरगंज में शुक्रवार को प्रवर्तन निदेशालय (ED) की छापेमारी से इलाके में हलचल मच गई। पत्थर और बालू कारोबार से जुड़े कई लोगों के कार्यालयों और आवासों पर ईडी की टीम ने एक साथ दबिश दी। गोसाईडीह से लेकर नागर तक हुई इस कार्रवाई के बाद स्थानीय स्तर पर चर्चाओं का बाजार गर्म है।

मिली जानकारी के अनुसार, ईडी की टीम ने गोसाईडीह में पत्थर और बालू कारोबारी प्रेम सिंह के ठिकाने पर छापेमारी की। वहीं, नागर में अरुण सिंह और शक्ति सिंह के कार्यालयों एवं आवासों को भी जांच के दायरे में लिया गया है।

गोसाईडीह से नागर तक कई ठिकानों पर छापेमारी

शुक्रवार को ईडी की टीम हंटरगंज थाना क्षेत्र के अलग-अलग स्थानों पर पहुंची और एक साथ कार्रवाई शुरू की। गोसाईडीह और नागर में कारोबारियों से जुड़े ठिकानों पर जांच की जा रही है। इस दौरान बिहार पुलिस के साथ स्थानीय पुलिस के जवान भी मौजूद रहे।

पुलिस बल की तैनाती के बीच ईडी की टीम दस्तावेजों और अन्य संभावित साक्ष्यों की जांच में जुटी हुई है। अचानक हुई इस कार्रवाई से कारोबारियों और स्थानीय लोगों के बीच चर्चाएं तेज हो गई हैं।

किस मामले में हो रही कार्रवाई, अभी स्थिति स्पष्ट नहीं

फिलहाल ईडी की इस छापेमारी के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। जांच किस मामले से जुड़ी है और किन आरोपों के आधार पर यह कार्रवाई की जा रही है, इसकी विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।

खास बात यह है कि अब तक इस कार्रवाई को लेकर ईडी की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। फिलहाल अलग-अलग ठिकानों पर जांच जारी है और एजेंसी की आधिकारिक जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।