
मुंबई: अभिनेता और फिल्ममेकर कुणाल खेमू इन दिनों अपनी फिटनेस को लेकर काफी चर्चा में हैं। हाल ही में उन्होंने सोशल मीडिया पर अपनी शानदार फिट बॉडी की झलक साझा की, जिसमें उनका ट्रांसफॉर्मेशन और मेहनत साफ नजर आई।
कुणाल ने इंस्टाग्राम पर मिरर सेल्फी पोस्ट की, जिसमें उनका टोन्ड फिजीक, मजबूत बाइसेप्स और चिसेल्ड बॉडी फैंस का ध्यान खींच रही है। तस्वीर के साथ उन्होंने लिखा, “मजबूत बनना कोई मंजिल नहीं, बल्कि एक सफर है। #stepbysteprepbyrep”
अभिनेता अक्सर सोशल मीडिया पर अपने वर्कआउट और फिटनेस रूटीन की झलक दिखाते रहते हैं। कुछ समय पहले भी उन्होंने अपनी फिटनेस फोटो शेयर करते हुए मजाकिया अंदाज में “Arms and Ammunition” लिखा था।
वर्कफ्रंट की बात करें तो कुणाल ने साल 2024 में फिल्म मडगांव एक्सप्रेस से निर्देशन की दुनिया में कदम रखा था। इस फिल्म में दिव्येंदु, प्रतीक गांधी, अविनाश तिवारी, नोरा फतेही, उपेंद्र लिमये और छाया कदम जैसे कलाकार नजर आए थे।
एक्टर के तौर पर उनकी पिछली फिल्म कंजूस मख्खीचूस थी, जिसका निर्देशन विपुल मेहता ने किया था। यह फिल्म मशहूर गुजराती नाटक सजन रे झूठ मत बोलो पर आधारित थी। फिल्म में श्वेता त्रिपाठी, पीयूष मिश्रा, अल्का अमीन, राजीव गुप्ता और राजू श्रीवास्तव भी अहम भूमिकाओं में थे।
कुणाल खेमू अपनी बेहतरीन कॉमिक टाइमिंग के लिए जाने जाते हैं। गोलमाल सीरीज, ढोल, लूटकेस, मलंग, गो गोवा गॉन, कलयुग और ट्रैफिक सिग्नल जैसी फिल्मों में उनके अभिनय को काफी पसंद किया गया है।
हाल ही में वह नेटफ्लिक्स की सीरीज सिंगल पापा में नजर आए हैं। इस शो में मनोज पाहवा, प्राजक्ता कोली, नेहा धूपिया और आयशा रजा मिश्रा भी अहम भूमिकाओं में हैं। कहानी गौरव गहलोत नाम के ऐसे शख्स के इर्द-गिर्द घूमती है, जो तलाक के तुरंत बाद बच्चा गोद लेने का फैसला कर सबको चौंका देता है।
आने वाले समय में कुणाल प्राइम वीडियो की वेब सीरीज गुलकंदा टेल्स में दिखाई देंगे। राज और डीके के निर्देशन में बन रही इस सीरीज में उनके साथ पंकज त्रिपाठी और पत्रलेखा भी नज़र आएंगे।
With inputs from IANS