
नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ईंधन बचाने की अपील के बाद दिल्ली सरकार के मंत्री कपिल मिश्रा बुधवार को मेट्रो से अपने कार्यस्थल पहुंचे। उन्होंने कहा कि यह कदम ईंधन की खपत कम करने और ऊर्जा संरक्षण को बढ़ावा देने की दिशा में सरकार के संकल्प का हिस्सा है।
कपिल मिश्रा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अपने मेट्रो सफर का वीडियो साझा करते हुए लिखा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के आह्वान पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता जी और सभी मंत्रियों ने संकल्प के साथ इसकी शुरुआत कर दी है। मैं सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करूंगा या जरूरत पड़ने पर ही एक सरकारी वाहन का इस्तेमाल करूंगा। आज सुबह की यात्रा दिल्ली मेट्रो में।”
मंत्री का यह बयान एक दिन बाद आया, जब दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने ईंधन की खपत कम करने और मंत्रियों, विधायकों व सरकारी अधिकारियों के बीच सार्वजनिक परिवहन और कारपूलिंग को बढ़ावा देने की व्यापक पहल की घोषणा की थी।
मंगलवार रात X पर किए गए अपने विस्तृत पोस्ट में रेखा गुप्ता ने कहा, “माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों को देखते हुए देशवासियों से पेट्रोल-डीजल बचाने और ऊर्जा संरक्षण को जन आंदोलन बनाने का आह्वान किया है।”
उन्होंने आगे कहा, “प्रधानमंत्री जी की इस महत्वपूर्ण अपील को आत्मसात करते हुए विभागीय कार्यों के लिए वाहनों की संख्या सीमित करने का निर्णय लिया गया है। मैं स्वयं, मेरे सभी कैबिनेट सहयोगी, भारतीय जनता पार्टी के सभी विधायक, जनप्रतिनिधि, दिल्ली सरकार के अधिकारी और सभी विभाग आवश्यकता के अनुसार न्यूनतम वाहनों का उपयोग करेंगे तथा कारपूलिंग और सार्वजनिक परिवहन को प्राथमिकता देंगे।”
मुख्यमंत्री ने ऊर्जा संरक्षण को राष्ट्रीय हित से जुड़ा विषय बताते हुए कहा कि दिल्ली सरकार ईंधन बचत और सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है।
उन्होंने दिल्लीवासियों से भी इस राष्ट्रीय अभियान में शामिल होने की अपील की।
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को तेलंगाना के सिकंदराबाद स्थित परेड ग्राउंड में आयोजित भाजपा की जनसभा को संबोधित करते हुए पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष और उसके वैश्विक अर्थव्यवस्था पर पड़ने वाले असर का जिक्र करते हुए लोगों से ईंधन बचाने की अपील की थी।
प्रधानमंत्री ने लोगों से सार्वजनिक परिवहन अपनाने, जहां संभव हो वहां वर्क फ्रॉम होम करने, अनावश्यक खरीदारी से बचने, सोने की खरीद कम करने और विदेशी यात्राओं में कटौती करने की सलाह दी थी, ताकि विदेशी मुद्रा की बचत हो सके।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा था, “दुनियाभर में पेट्रोल और डीजल बेहद महंगे हो गए हैं। ऐसे में ईंधन बचाना और पेट्रोल-डीजल की खरीद पर खर्च होने वाली विदेशी मुद्रा की बचत करना हमारी जिम्मेदारी है।”
With inputs from IANS