अकेले सफर ने मुझे जिंदगी का अलग सच सिखाया: अविनाश तिवारीBy Admin Thu, 21 May 2026 05:39 PM

मुंबई: अभिनेता Avinash Tiwary इन दिनों थाईलैंड के खूबसूरत द्वीप कोह फांगन में छुट्टियां मना रहे हैं। इस दौरान उन्होंने बताया कि अकेले यात्रा करना इंसान को जिंदगी का एक अजीब लेकिन गहरा एहसास सिखाता है। उन्होंने कहा कि परिवार, दोस्तों और अनजान लोगों के प्यार से घिरे होने के बावजूद कई बार सफर में इंसान खुद को पूरी तरह अकेला महसूस करता है।

अविनाश ने इंस्टाग्राम पर कोह फांगन की कई तस्वीरें और वीडियो साझा किए। यह जगह अपनी मशहूर फुल मून पार्टी, वेलनेस, योगा और डिजिटल नोमैड संस्कृति के लिए जानी जाती है।

40 वर्षीय अभिनेता ने बताया कि उनकी यह दसवीं या शायद बारहवीं सोलो ट्रिप है। शुरुआत में अकेले सफर करना उनके लिए रोमांचक अनुभव था, लेकिन धीरे-धीरे यह उनकी जिंदगी का हिस्सा बन गया। उन्होंने लिखा कि दोस्तों और परिवार की अपनी-अपनी व्यस्तताएं हैं और ऐसे में सबसे भरोसेमंद साथी आखिरकार वह खुद ही रह जाते हैं।

उन्होंने कहा, “आप किसी नई जगह पर जाते हैं, किसी बार में किसी से मुलाकात होती है, कुछ घंटों या एक-दो दिन की दोस्ती बनती है, फिर रास्ते अलग हो जाते हैं। अगली जगह पर वही कहानी दोहराई जाती है।”

अविनाश ने बताया कि वह एक ऐसी जगह पर थे जहां अच्छा संगीत बज रहा था, लोग खुशी से नाच रहे थे और वह खुद भी बेहद खुश थे। लेकिन उसी पल उन्हें यह एहसास भी हुआ कि वह पूरी तरह अकेले हैं।

हालांकि उन्होंने साफ किया कि अकेलापन और तन्हाई दोनों अलग चीजें हैं। उन्होंने लिखा, “मैं अकेला जरूर हूं, लेकिन तन्हा नहीं। मुझे परिवार, दोस्तों और दुनिया के अलग-अलग लोगों से बहुत प्यार मिला है। प्यार सच है, लेकिन उस वक्त वह मेरे साथ उस कमरे में मौजूद नहीं था।”

उन्होंने कहा कि अकेले यात्रा करना इंसान को यह सिखाता है कि जिंदगी भर के प्यार से भरे होने के बावजूद कई बार उस पल में आप सिर्फ खुद के साथ होते हैं।

अभिनेता ने आगे कहा कि समय के साथ सोलो ट्रैवल एक आदत बन जाता है। इंसान अपने साथ इतना सहज हो जाता है कि वही सहजता एक अलग तरह के अकेलेपन में बदल जाती है।

पोस्ट के अंत में उन्होंने लिखा, “मेरे पास इसका कोई साफ जवाब नहीं है। शायद यह कोई समस्या भी नहीं है। मैंने बस इतना महसूस किया है कि अकेले होना और प्यार से घिरा होना, दोनों एक साथ संभव हैं। कई बार जिंदगी वही बन जाती है, जिसे हमने कभी पूरी तरह चुना ही नहीं।”

वर्कफ्रंट की बात करें तो अविनाश तिवारी की हालिया रिलीज Ginny Weds Sunny 2 है, जिसमें उनके साथ Medha Shankr नजर आई हैं। यह फिल्म Ginny Weds Sunny की स्पिरिचुअल सीक्वल मानी जा रही है।

 

With inputs from IANS