
मुंबई। हाल ही में अस्पताल में भर्ती होने की खबरों के बाद महानायक Amitabh Bachchan ने एक बार फिर अपने काम की झलक साझा कर फैंस को राहत दी है। बिग बी ने अपने ब्लॉग पर शूटिंग के दौरान की कुछ तस्वीरें पोस्ट करते हुए लिखा कि काम ही उनकी असली भाषा है।
उन्होंने ब्लॉग में लिखा, “काम... काम... और सिर्फ काम। काम ही वह भाषा है जो बिना कहे सब कुछ व्यक्त कर देती है। यही विकास, संतुष्टि और आत्मसम्मान का माध्यम है।”
अमिताभ बच्चन की यह पोस्ट ऐसे समय आई है, जब कुछ दिन पहले उनके अस्पताल में भर्ती होने की खबरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुई थीं। 19 मई को खबर आई थी कि पेट से जुड़ी परेशानी के चलते उन्हें मुंबई के नानावटी अस्पताल के वीआईपी विंग में भर्ती कराया गया था। हालांकि बाद में बताया गया कि यह केवल रूटीन चेकअप था और जांच के बाद वह घर लौट आए थे।
इसके अगले दिन बिग बी ने अपने ब्लॉग पर ‘रामचरितमानस’ की पंक्तियों के साथ एक रहस्यमयी कविता साझा की थी। उन्होंने “मंगल भवन अमंगल हारी” लिखते हुए एक लंबी कविता पोस्ट की और अंत में “Love, Prayers and more” लिखकर अपने प्रशंसकों को शुभकामनाएं दीं।
वर्कफ्रंट की बात करें तो अमिताभ बच्चन हाल ही में Vettaiyan में नजर आए थे। इस फिल्म में उनके साथ Rajinikanth, Fahadh Faasil और Rana Daggubati जैसे कलाकार दिखाई दिए।
वह इन दिनों Kalki 2898 AD को लेकर भी चर्चा में हैं, जिसमें Prabhas और Kamal Haasan भी अहम भूमिकाओं में हैं। इसके अलावा खबर है कि वह Ramayana: Part 1 में जटायु का किरदार निभाते नजर आ सकते हैं। फिल्म में Ranbir Kapoor, Sai Pallavi, Yash और Sunny Deol भी प्रमुख भूमिकाओं में हैं।
With inputs from IANS