
मुंबई। देश के कई हिस्सों में पड़ रही भीषण गर्मी के बीच अभिनेत्री और पशु प्रेमी जैकलीन फर्नांडिस ने अपने घर की बालकनी की एक खूबसूरत झलक साझा की है। उन्होंने बताया कि हर सुबह पक्षियों को अपनी बालकनी में पानी पीते और राहत पाते देख उन्हें बेहद खुशी होती है।
जैकलीन ने अपने इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक तस्वीर शेयर की, जिसमें एक पक्षी उनकी बालकनी में रखे पानी से प्यास बुझाता नजर आ रहा है। इस तस्वीर के साथ उन्होंने लिखा कि यह देखकर उन्हें हर सुबह बहुत अच्छा लगता है कि पक्षियों को गर्मी से थोड़ी राहत मिल रही है और उनकी बालकनी उनके लिए सुरक्षित जगह बन गई है।
अभिनेत्री ने लोगों से भी अपील की कि इस भीषण गर्मी के दौरान जानवरों और पक्षियों के लिए ताजा पानी जरूर रखें, ताकि उन्हें राहत मिल सके।
बता दें कि जैकलीन हाल ही में कान्स फिल्म फेस्टिवल में नजर आई थीं। वहां उन्होंने मशहूर होटल मार्टिनेज से अपनी कई तस्वीरें साझा की थीं। साथ ही ग्लोबल गिफ्ट फाउंडेशन इवेंट में हॉलीवुड अभिनेत्री ईवा लोंगोरिया के साथ भी दिखाई दी थीं।
साल 2009 में फिल्म ‘अलादीन’ से हिंदी सिनेमा में कदम रखने वाली जैकलीन ‘मर्डर 2’, ‘किक’, ‘रेस 2’, ‘ब्रदर्स’, ‘ढिशूम’, ‘जुड़वा 2’, ‘भूत पुलिस’, ‘सर्कस’ और ‘फतेह’ जैसी फिल्मों में काम कर चुकी हैं।
उनकी हालिया फिल्म ‘हाउसफुल 5’ है, जिसमें अक्षय कुमार, अभिषेक बच्चन, रितेश देशमुख, संजय दत्त, फरदीन खान, श्रेयस तलपड़े, नाना पाटेकर और जैकी श्रॉफ समेत कई सितारे नजर आएंगे।
इसके अलावा जैकलीन जल्द ही फिल्म ‘वेलकम टू द जंगल’ में भी दिखाई देंगी, जिसमें अक्षय कुमार, संजय दत्त और सुनील शेट्टी मुख्य भूमिकाओं में हैं।
With inputs from IANS