
मुंबई। अभिनेता और टीवी होस्ट जय भानुशाली ने उज्जैन स्थित महाकालेश्वर मंदिर में दर्शन कर भगवान महाकाल का आशीर्वाद लिया। इस दौरान उन्होंने प्रसिद्ध भस्म आरती में भी हिस्सा लिया। जय ने अपने अनुभव को बेहद खास और आध्यात्मिक बताते हुए कहा कि वह लंबे समय से इस पावन अनुष्ठान का हिस्सा बनने की इच्छा रखते थे।
उज्जैन में आईएएनएस से बातचीत के दौरान जय ने कहा, “मेरा अनुभव बेहद अलग और अविस्मरणीय रहा। मैंने भस्म आरती के बारे में बहुत कुछ सुन रखा था। मेरे दोस्त और परिवार के लोग कई वर्षों से यहां आते रहे हैं। मेरी भी हमेशा से इच्छा थी कि मुझे यहां आने और इस दिव्य आरती में शामिल होने का अवसर मिले।”
उन्होंने आगे कहा कि भस्म आरती में शामिल होने के बाद वह खुद को एक नई ऊर्जा से भरपूर महसूस कर रहे हैं। जय ने कहा, “आज मुझे भस्म आरती में शामिल होने का सौभाग्य मिला। मैं बहुत खुश हूं और यहां से अपार सकारात्मक ऊर्जा लेकर जा रहा हूं। लोगों ने मुझसे कहा था कि भस्म आरती में शामिल होने के बाद मंदिर से निकलते समय एक अलग ही आभा और ऊर्जा महसूस होती है। आज मैं भी उसी एहसास को महसूस कर रहा हूं। जय श्री महाकाल।”
गौरतलब है कि महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग भगवान शिव को समर्पित है और यह देश के 12 पवित्र ज्योतिर्लिंगों में से एक माना जाता है। हर साल लाखों श्रद्धालु यहां दर्शन और भस्म आरती में शामिल होने के लिए पहुंचते हैं।
अगर जय भानुशाली के करियर की बात करें तो उन्होंने ‘कयामत’, ‘नच बलिए 5’, ‘झलक दिखला जा 2’, ‘कौन जीतेगा बॉलीवुड का टिकट’, ‘इस जंगल से मुझे बचाओ’, ‘फियर फैक्टर: खतरों के खिलाड़ी 7’ और ‘बिग बॉस 15’ जैसे लोकप्रिय शोज़ में अपनी पहचान बनाई है।
फिल्मों में उन्होंने साल 2014 में ‘हेट स्टोरी 2’ से कदम रखा। इसके बाद वह ‘देसी कट्टे’ और ‘एक पहेली लीला’ जैसी फिल्मों में भी नजर आए। हाल ही में जय को वर्ष 2024 में टीवी शो ‘हम रहे ना रहे हम’ में देखा गया था, जो लोकप्रिय तुर्की सीरीज İstanbullu Gelin का भारतीय रूपांतरण था।
With inputs from IANS