सिर्फ अभिनय नहीं, असल जिंदगी में भी बनीं हीरो: एमी एडम्स ने बचाई चाकूबाजी के शिकार की जानBy Admin Thu, 25 June 2026 06:42 PM

लॉस एंजिलिस: हॉलीवुड अभिनेत्री एमी एडम्स ने एक ऐसा अनुभव साझा किया है, जिसने साबित कर दिया कि कभी-कभी पर्दे पर सीखी गई बातें असल जिंदगी में भी किसी की जान बचा सकती हैं। उन्होंने खुलासा किया कि मेडिकल ड्रामा सीरीज 'डॉ. वेगास' में निभाए गए अपने किरदार से सीखी गई प्राथमिक उपचार की जानकारी की मदद से उन्होंने चाकूबाजी के एक घायल की जान बचाने में अहम भूमिका निभाई।

'स्मार्टलेस' पॉडकास्ट में एमी ने बताया कि वह अपने परिवार के साथ सांता मोनिका के एक पसंदीदा रेस्तरां से बाहर निकल रही थीं, तभी उन्होंने देखा कि कुछ लोग घबराकर चिल्ला रहे थे कि एक व्यक्ति मर रहा है। उनके पति डैरेन ले गैलो ने सबसे पहले खून देखा, जिसके बाद एमी और उनके पिता तुरंत घायल की मदद के लिए दौड़ पड़े, जबकि उनके पति बेटी के साथ वहीं रुक गए।

एमी ने बताया कि युवक की गर्दन पर चाकू से हमला हुआ था और काफी खून बह रहा था। उन्होंने बीच पर इस्तेमाल होने वाले तौलियों से घाव पर दबाव डालकर खून बहना रोकने की कोशिश की। साथ ही घायल को शांत रहने की सलाह देते हुए कहा, "जितना ज्यादा हिलोगे, उतनी तेजी से खून बहेगा। बस लेटे रहो।"

उन्होंने बताया कि यह प्राथमिक उपचार का तरीका उन्होंने 2004 में प्रसारित मेडिकल ड्रामा 'डॉ. वेगास' में नर्स एलिस डोहर्टी की भूमिका निभाते समय सीखा था।

एमी ने यह भी बताया कि घटना के करीब एक साल बाद उसी युवक से एक रेस्तरां में उनकी मुलाकात हुई। युवक ने उनसे पूछा कि क्या वही और उनके पिता उस दिन उसकी मदद के लिए पहुंचे थे। तब एमी ने उसे पहचान लिया और भावुक हो गईं।

एमी एडम्स हॉलीवुड की सबसे सम्मानित अभिनेत्रियों में शुमार हैं। उन्हें दो गोल्डन ग्लोब पुरस्कार मिल चुके हैं, जबकि वह छह बार ऑस्कर, सात बार बाफ्टा और दो बार प्राइमटाइम एमी अवॉर्ड के लिए नामांकित हो चुकी हैं।

 

With inputs from IANS