बीमा दावा खारिज होने पर भड़कीं सुचित्रा कृष्णमूर्ति, अस्पताल में भर्ती होने के अनुभव किए साझाBy Admin Fri, 17 July 2026 12:23 PM

मुंबई। गायिका और अभिनेत्री सुचित्रा कृष्णमूर्ति ने खुलासा किया है कि गंभीर अल्सर के कारण अस्पताल में भर्ती होने के बावजूद उनकी स्वास्थ्य बीमा कंपनी ने उनका क्लेम खारिज कर दिया। इस पूरे मामले को लेकर उन्होंने बीमा कंपनी के रवैये पर कड़ी नाराजगी जताई है और इसकी कार्यप्रणाली को उजागर करने की बात कही है।

सुचित्रा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपनी आपबीती साझा करते हुए लिखा कि रात करीब 1:45 बजे भी तेज एसिडिटी की वजह से उन्हें नींद नहीं आ रही थी। उन्होंने बताया कि उन्हें अल्सर है और पिछली बार स्थिति इतनी गंभीर हो गई थी कि अल्सर फटने की आशंका के चलते उन्हें अस्पताल में भर्ती होना पड़ा था।

उन्होंने आरोप लगाया कि बीमा कंपनी ने अस्पताल में भर्ती होने का खर्च उठाने से यह कहकर इनकार कर दिया कि पॉलिसी लेते समय उन्होंने अल्सर की जानकारी नहीं दी थी।

इस पर सुचित्रा ने कहा कि जब उन्होंने पॉलिसी ली थी, तब उन्हें अल्सर की बीमारी थी ही नहीं। अब कंपनी उनसे डॉक्टर का प्रमाणपत्र मांग रही है, जिसमें यह साबित किया जाए कि उस समय उन्हें अल्सर नहीं था। उन्होंने व्यंग्य करते हुए लिखा कि अगली बार शायद कंपनी यह भी पूछे कि भविष्य में किस वाहन से दुर्घटना होगी, ताकि पहले से ही क्लेम की तैयारी कर ली जाए।

अभिनेत्री ने कहा कि इस पूरे घटनाक्रम से वह बेहद आहत और निराश हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि अब उन्हें पैसे वापस मिलने की चिंता नहीं है, बल्कि वह बीमा कंपनी की कथित अनियमितताओं को सार्वजनिक करेंगी।

एक अन्य पोस्ट में उन्होंने कंपनी के रवैये को "बेहद शर्मनाक" बताते हुए मांग की कि कंपनी में नियुक्त डॉक्टरों की योग्यता की कानूनी जांच कराई जाए। उनका कहना था कि उनके मामले को देखने वाले डॉक्टर को न तो विज्ञान की सही समझ थी और न ही बीमारी की प्रकृति की।

सुचित्रा कृष्णमूर्ति ने अपने अभिनय करियर की शुरुआत स्कूल के दिनों में टीवी धारावाहिक 'चुनौती' से की थी। इसके बाद उन्हें शाहरुख खान के साथ फिल्म 'कभी हां कभी ना' से पहचान मिली। उन्होंने मलयालम अभिनेता जयराम के साथ 'किलुक्कमपेट्टी' में भी काम किया।

1990 के दशक में उन्होंने संगीत की दुनिया में भी अपनी अलग पहचान बनाई और 'डोले डोले', 'दम तारा', 'आ-हा' और 'जिंदगी' जैसे पॉप एल्बम जारी किए।

करीब दस साल बाद उन्होंने 2005 में अनिल कपूर के साथ फिल्म 'माय वाइफ्स मर्डर' से फिल्मों में वापसी की। वर्ष 2022 में वह नेटफ्लिक्स की समीक्षकों द्वारा सराही गई फिल्म 'ऑड कपल' में दिव्येंदु शर्मा के साथ निवेदिता के किरदार में नजर आई थीं।

 

With inputs from IANS