टीवी अभिनेत्री अनीता कंवल का दावा, सीलबंद स्नैक पैकेट में मिला ‘बिल्ली का मल’, जांच की उठाई मांगBy Admin Thu, 23 July 2026 12:46 PM

मुंबई। वरिष्ठ टीवी अभिनेत्री अनीता कंवल ने दावा किया है कि उन्हें एक लोकप्रिय स्नैक ब्रांड के सीलबंद सोया स्टिक्स पैकेट के अंदर कथित तौर पर "बिल्ली का मल" मिला। इस घटना के बाद उन्होंने संबंधित अधिकारियों से मामले की जांच कराने की मांग की है।

अनीता ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो साझा करते हुए इस घटना पर हैरानी और नाराजगी जताई। साथ ही लोगों से अपील की कि जब तक पूरे मामले की जांच नहीं हो जाती, तब तक वे इस उत्पाद का सेवन न करें।

वीडियो में हिंदी में बात करते हुए अनीता ने कहा, "आज मेरे साथ एक बहुत ही अजीब और घिनौनी घटना हुई। मैं हल्दीराम की सोया स्टिक्स खा रही थी। जैसे ही मैंने पैकेट के अंदर हाथ डाला, यह चीज निकली। यह मुझे बिल्ली का मल लग रहा है और यह एक सीलबंद पैकेट के अंदर मिला है।"

उन्होंने आईएएस अधिकारी तुकाराम मुंढे से भी मामले में हस्तक्षेप करने की अपील की। अनीता ने कहा, "मैंने सुना है कि आप ऐसे मामलों को गंभीरता से लेते हैं। कृपया इस मामले की जांच करिए और मुझे डीएम कीजिए। मैं यह पैकेट जहां कहेंगे, वहां भेज दूंगी। इस मामले में सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। हम यही चीजें अपने बच्चों को भी खिलाते हैं। अगर किसी बच्चे ने इसे गलती से खा लिया होता, तो उसके लिए गंभीर खतरा पैदा हो सकता था।"

वीडियो के अंत में उन्होंने लोगों से इस उत्पाद को फिलहाल न खाने की अपील करते हुए कहा, "जब तक इस मामले का समाधान नहीं हो जाता, मैं सभी से अनुरोध करती हूं कि इसे न खाएं। इतनी बड़ी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जा सकती। धन्यवाद। जय हिंद।"

पोस्ट के कैप्शन में अनीता ने लिखा, "देखिए, मुझे हल्दीराम के पैकेट में क्या मिला। यह बिल्ली का मल लगता है। मैं पूरी तरह से स्तब्ध और घृणा से भर गई हूं। आखिर हम किस पर भरोसा करें? यह इतना बड़ा ब्रांड है। @haldirams.official, आपको इसका जवाब देना होगा।"

उन्होंने आगे आईएएस अधिकारी तुकाराम मुंढे से इस मामले की जांच करने का अनुरोध करते हुए कहा कि वह खाद्य सुरक्षा से जुड़े मामलों में सख्त कार्रवाई के लिए जाने जाते हैं। साथ ही उन्होंने लोगों से उनकी पोस्ट को अधिक से अधिक साझा करने की भी अपील की।

अनीता कंवल टीवी जगत का जाना-पहचाना नाम हैं। उन्होंने 'चाणक्य', 'शांति' और 'सोनपरी' जैसे लोकप्रिय धारावाहिकों में काम किया है। उन्हें 'बनेगी अपनी बात' में मिसेज सेठ के नकारात्मक किरदार के लिए खास पहचान मिली। उन्होंने 1993 में शाहरुख खान अभिनीत फिल्म 'कभी हां कभी ना' से बॉलीवुड में कदम रखा था।
 

With inputs from IANS