
मुंबई: बॉलीवुड अभिनेत्री बिपाशा बसु ने अपनी बेटी देवी के साथ बिताए एक प्यारे पल की झलक सोशल मीडिया पर साझा की है। वीडियो में नन्हीं देवी रंग-बिरंगे मोतियों से एक खूबसूरत नेकलेस बनाती नजर आ रही हैं और अपनी कल्पनाशील दुनिया में खोई हुई हैं।
इंस्टाग्राम पर साझा किए गए वीडियो में बिपाशा अपनी बेटी से पूछती हैं, "आज क्या बना रही हो?" इस पर देवी मासूमियत से जवाब देती हैं, "नेकलेस।" जब बिपाशा पूछती हैं कि वह कैसा बन रहा है, तो देवी मुस्कुराते हुए कहती हैं, "बहुत सुंदर।"
वीडियो में बिपाशा कैमरा उन गुड़ियों की ओर भी घुमाती हैं, जो देवी के सामने रखी हुई हैं। मजाकिया अंदाज में वह कहती हैं कि ये गुड़ियां भी बैठकर देवी की कला को देख रही हैं। मां-बेटी के बीच का यह प्यारा पल सोशल मीडिया पर लोगों का दिल जीत रहा है।
बिपाशा बसु और अभिनेता करण सिंह ग्रोवर ने वर्ष 2022 में अपनी बेटी देवी बसु सिंह ग्रोवर का स्वागत किया था। दोनों की मुलाकात 2014 में फिल्म 'अलोन' के सेट पर हुई थी। करीब दो साल तक एक-दूसरे को डेट करने के बाद दोनों ने 30 अप्रैल 2016 को शादी कर ली।
वर्कफ्रंट की बात करें तो बिपाशा ने 2001 में फिल्म 'अजनबी' से बॉलीवुड में कदम रखा था। इसके बाद उन्होंने 'जिस्म', 'नो एंट्री', 'धूम 2', 'कॉरपोरेट', 'फिर हेरा फेरी', 'रेस', 'बचना ऐ हसीनों', 'ऑल द बेस्ट' और 'राज़ 3डी' जैसी फिल्मों में अपनी पहचान बनाई। लंबे अंतराल के बाद वह 2020 में वेब सीरीज 'डेंजरस' में नजर आई थीं। इसके बाद से वह अभिनय से दूर हैं और फिलहाल अपना अधिक समय परिवार, खासकर बेटी देवी के साथ बिता रही हैं।
With inputs from IANS