पुरानी यादों में खोईं पद्मा लक्ष्मी, 1977 की चेन्नई की तस्वीर साझा कर सुनाए बचपन के किस्सेBy Admin Thu, 06 August 2026 03:56 PM









मुंबई: भारतीय मूल की सुपरमॉडल, टीवी होस्ट, निर्माता और लेखिका पद्मा लक्ष्मी ने सोशल मीडिया पर अपने बचपन की एक दुर्लभ तस्वीर साझा करते हुए 1977 की चेन्नई की गर्मियों की यादें ताजा कीं। इस तस्वीर के जरिए उन्होंने अपने परिवार, बचपन और उन दिनों की छोटी-छोटी यादों को प्रशंसकों के साथ साझा किया।

इंस्टाग्राम पर पोस्ट की गई तस्वीर में पद्मा अपने दादा की 1969 मॉडल एम्बेसडर कार पर परिवार के साथ बैठी नजर आ रही हैं। उन्होंने बताया कि 1980 के दशक में उन्होंने इसी कार को महाबलीपुरम जाने वाली सड़क पर चलाना सीखा था।

पद्मा ने लिखा कि तस्वीर में उनके साथ उनकी आंटी बानू भी हैं, जिन्होंने उन्हें खाना बनाना और गणित के पहाड़े सिखाए। उन्होंने मजाकिया अंदाज में याद किया कि आंटी उन्हें कमरे में बैठाकर पढ़ाती थीं, जबकि घर के बाकी लोग दूरदर्शन पर टीवी देखते थे।

ADVERTISEMENT
Advertisement

उन्होंने तस्वीर में मौजूद परिवार के अन्य सदस्यों का भी परिचय कराया। पद्मा ने बताया कि उनकी मां, जो उस समय न्यूयॉर्क से अपने पिता के 60वें जन्मदिन की पूजा में शामिल होने आई थीं, तस्वीर में बेहद आकर्षक नजर आ रही हैं। तस्वीर में उनकी चचेरी बहन आरती, राजनी और पापू भी दिखाई दे रहे हैं।

अपने बचपन की यादों को साझा करते हुए पद्मा ने लिखा कि आज भी उन्हें चेन्नई की उमस, कोरमंडल तट की तेज धूप और शाम ढलने तक बाहर खेलने की अनुमति का इंतजार अच्छी तरह याद है। उन्होंने कहा कि जैसे ही इस तस्वीर को देखती हैं, उन्हें मच्छरों और गर्म हवाओं का अहसास होने लगता है।

भारत में जन्मीं पद्मा लक्ष्मी बचपन में अपने परिवार के साथ अमेरिका चली गई थीं। मॉडलिंग से करियर की शुरुआत करने के बाद उन्होंने टेलीविजन की दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाई। वह अब तक पांच किताबें लिख चुकी हैं और लोकप्रिय कुकिंग शो 'टॉप शेफ' की मेजबानी से दुनिया भर में पहचान हासिल कर चुकी हैं। इसके अलावा, वह डॉक्यूसीरीज 'टेस्ट द नेशन विद पद्मा लक्ष्मी' की क्रिएटर, होस्ट और कार्यकारी निर्माता भी हैं तथा उन्हें अब तक 16 प्राइमटाइम एमी अवॉर्ड नामांकन मिल चुके हैं।

 

With inputs from IANS