
Photo: IANS
अभिनेत्री नर्गिस फाखरी ने सोशल मीडिया पर सेल्फ-लव और खुद की देखभाल को लेकर एक खास संदेश साझा किया है। उन्होंने महिलाओं को अपनी जरूरतों और मानसिक सुकून को प्राथमिकता देने की सलाह दी और कहा कि खुद पर किया गया निवेश कभी बेकार नहीं जाता।
नर्गिस ने अपनी एक तस्वीर इंस्टाग्राम पर शेयर की, जिसमें वह ब्लैक सूट में काफी स्टाइलिश नजर आ रही हैं। कैमरे की ओर सीधे देखते हुए उन्होंने तस्वीर के साथ लिखा कि कई बार खुद की देखभाल करना ही उस महिला के रूप में आगे बढ़ने की दिशा में पहला कदम होता है, जो इंसान वास्तव में बनना चाहता है।
अभिनेत्री का यह संदेश ऐसे समय में आया है, जब सोशल मीडिया पर सेल्फ-केयर और आत्मसम्मान को लेकर जागरूकता लगातार बढ़ रही है। नर्गिस ने अपने पोस्ट के जरिए यह भी संकेत दिया कि अपनी व्यक्तिगत यात्रा में दूसरों की अपेक्षाओं के बजाय खुद की जरूरतों को समझना महत्वपूर्ण है।
नर्गिस ने लिखा, "कभी-कभी खुद की देखभाल करना याद रखना ही उस महिला बनने की कुंजी है, जो आपको बनना है। खुद में निवेश करें, क्योंकि आप इसके लायक हैं।"
इससे पहले नर्गिस ने अपने एक और अनुभव को प्रशंसकों के साथ साझा किया था। उन्होंने पहली बार विमान उड़ाने की कोशिश की थी और मजाकिया अंदाज में कहा था कि शायद पिछले जन्म में वह पायलट रही होंगी, क्योंकि उनका पहला अनुभव काफी अच्छा रहा।
अभिनेत्री ने लिखा था, "पहली बार उड़ान भरी। लगता है कि पिछले जन्म में मैं पायलट थी, क्योंकि मैंने काफी अच्छा किया।"
काम की बात करें तो नर्गिस फाखरी हाल ही में 'मस्ती 4' में नजर आई थीं। मिलाप जावेरी के निर्देशन में बनी यह फिल्म 'मस्ती' फ्रेंचाइजी की चौथी कड़ी है। फिल्म में रितेश देशमुख, विवेक ओबेरॉय और आफताब शिवदासानी भी प्रमुख भूमिकाओं में हैं। कहानी तीन ऐसे पतियों के इर्द-गिर्द घूमती है, जो अपनी नीरस शादीशुदा जिंदगी से बाहर निकलने की योजना बनाते हैं, लेकिन उनका फैसला आगे चलकर कई अप्रत्याशित परिस्थितियों को जन्म देता है।
नर्गिस इस साल रिलीज हुई 'हाउसफुल 5' का भी हिस्सा थीं। तरुण मनसुखानी के निर्देशन में बनी यह फिल्म 'हाउसफुल' फ्रेंचाइजी की पांचवीं किस्त है। फिल्म में अक्षय कुमार, अभिषेक बच्चन, रितेश देशमुख, संजय दत्त, फर्दीन खान, श्रेयस तलपड़े, नाना पाटेकर, जैकी श्रॉफ, डिनो मोरिया, जैकलीन फर्नांडिस, चित्रांगदा सिंह, सोनम बाजवा समेत कई कलाकार नजर आए।
मर्डर-मिस्ट्री कॉमेडी के तौर पर पेश की गई इस फिल्म की कहानी एक आलीशान क्रूज पर आगे बढ़ती है, जहां एक अरबपति की मौत के बाद कई लोग खुद को उसका बेटा बताकर उसकी संपत्ति पर दावा करते हैं। इसी वजह से कहानी में कॉमेडी के साथ रहस्य और भ्रम की स्थिति पैदा होती है।
नर्गिस फाखरी ने साल 2011 में इम्तियाज अली की फिल्म 'रॉकस्टार' से बॉलीवुड में अपनी पहचान बनाई थी। इसके बाद वह 'मद्रास कैफे' में युद्ध संवाददाता की भूमिका में नजर आईं। उन्होंने 'मैं तेरा हीरो' और 'हाउसफुल 3' जैसी कॉमेडी फिल्मों में भी काम किया। इसके अलावा वह हॉलीवुड की एक्शन-कॉमेडी फिल्म 'स्पाई' में भी दिखाई दी थीं।