
Photo: IANS
अभिनेत्री डेजी शाह हर साल अपने घर पर गणपति बप्पा का स्वागत करती हैं। उनके लिए गणेश चतुर्थी केवल एक धार्मिक उत्सव नहीं, बल्कि परिवार के साथ खुशियां और सकारात्मक ऊर्जा महसूस करने का खास अवसर भी है। उनका कहना है कि बप्पा भले ही वही हों, लेकिन उनके घर आने के साथ हर साल भावनाएं और खुशियां नई हो जाती हैं।
गणेश पूजा के बारे में आईएएनएस से बातचीत में डेजी ने कहा, “बप्पा वही हैं, हम भी वही हैं। बस भावनाएं नई होती हैं। नई खुशी होती है। जब भी बप्पा घर आते हैं, तो घर का माहौल बिल्कुल अलग हो जाता है। एक अलग तरह की ऊर्जा महसूस होती है और सब कुछ अच्छा लगने लगता है।”
डेजी ने बताया कि उनके घर गणपति की प्रतिमा डेढ़ दिन के लिए स्थापित की जाती है। इस दौरान परिवार पूरी श्रद्धा और उत्साह के साथ पूजा-अर्चना करता है और घर आने वाले श्रद्धालुओं को प्रसाद भी दिया जाता है।
गणपति के लिए बनाए जाने वाले खास पकवान के बारे में पूछे जाने पर अभिनेत्री ने बताया कि उनके घर गुजराती परंपरा के अनुसार गेहूं के आटे और गुड़ से लड्डू तैयार किए जाते हैं।
उन्होंने कहा, “हम हर साल बप्पा के लिए यह लड्डू बनाते हैं। चूंकि बप्पा हमारे घर सिर्फ डेढ़ दिन के लिए आते हैं, इसलिए हम यह सुनिश्चित करते हैं कि हमारे घर आने वाले सभी श्रद्धालुओं को वही घर का बना प्रसाद मिले, जो हम बप्पा के लिए बनाते हैं।”
सोशल मीडिया के दौर में बढ़ती नकारात्मकता और ट्रोलिंग के बीच आध्यात्मिकता की भूमिका पर डेजी ने कहा कि आध्यात्मिक होना बेहद जरूरी है। उनके मुताबिक, इसका असर केवल धार्मिक आस्था तक सीमित नहीं रहता, बल्कि व्यक्ति की सोच, नजरिए और परिस्थितियों को देखने के तरीके पर भी पड़ता है।
उन्होंने कहा, “आध्यात्मिक होना बहुत जरूरी है। अगर और कुछ नहीं, तो कम से कम आपकी सोच, विचार और नजरिया मायने रखता है। अगर कोई आपको ट्रोल करता है, तो उसे नजरअंदाज करके भी आप उसे जवाब दे सकते हैं।”
डेजी ने कहा कि अगर किसी टिप्पणी का जवाब देना जरूरी लगे तो व्यक्ति शांत तरीके से अपना पक्ष रख सकता है। उनके अनुसार, अपनी बात स्पष्ट करना बेहतर है, बजाय इसके कि सोशल मीडिया की नकारात्मकता को खुद पर हावी होने दिया जाए।
महाराष्ट्र समेत देश के कई हिस्सों में 14 सितंबर से गणेश चतुर्थी के 10 दिवसीय उत्सव की शुरुआत हुई है। इस दौरान भगवान गणेश की पूजा के साथ घरों और सार्वजनिक पंडालों में सांस्कृतिक और धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। डेजी शाह की तरह कई फिल्मी सितारे भी हर साल अपने घरों में गणपति की स्थापना कर इस पर्व को मनाते हैं।
वर्कफ्रंट की बात करें तो डेजी शाह हाल ही में शो ‘अलायंस’ में नजर आई थीं। उन्होंने 2011 की कन्नड़ फिल्म ‘भद्रा’ से अभिनय करियर में पहचान बनाई और बाद में सलमान खान के साथ 2014 की हिंदी फिल्म ‘जय हो’ में काम किया।