आदमपुर से एक तस्वीर ने किया पाकिस्तान के S-400 वाले झूठ का पर्दाफाशBy Admin Tue, 13 May 2025 02:10 PM









आदमपुर (IANS): पाकिस्तान ने दावा किया था कि उसने भारत के प्रमुख वायुसेना अड्डे आदमपुर को नष्ट कर दिया है। साथ ही यह भी कहा गया कि चीन निर्मित उसके जेएफ-17 लड़ाकू विमानों ने वहां तैनात रूस-निर्मित S-400 मिसाइल डिफेंस सिस्टम को भी तबाह कर दिया। इतना ही नहीं, पाकिस्तान ने 60 भारतीय सैनिकों के मारे जाने और कई फाइटर जेट्स व रडार स्टेशनों को भी निशाना बनाने का झूठा दावा किया।

लेकिन सोमवार सुबह सामने आई एक तस्वीर ने इन सभी झूठों पर विराम लगा दिया। इस तस्वीर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आदमपुर एयरफोर्स स्टेशन पर मौजूद हैं, जहां वे सैनिकों को सलामी दे रहे हैं। और उनके पीछे पूरी तरह से सक्रिय S-400 सिस्टम साफ दिखाई दे रहा है। यह भारत की ओर से पाकिस्तान के दुष्प्रचार अभियान का सबसे स्पष्ट और सटीक जवाब माना जा रहा है।

सूत्रों के मुताबिक, “यह सिर्फ एक तस्वीर नहीं है, बल्कि एक संदेश है, एक जवाब है, और एक ऐसा तथ्य है, जिसके लिए पाकिस्तान तैयार नहीं था।”

सूत्रों ने यह भी बताया कि पाकिस्तान के ये दावे मॉर्फ किए गए सैटेलाइट चित्रों पर आधारित थे। जबकि सच्चाई यह है कि आदमपुर वायुसेना अड्डे ने पिछले सप्ताह पाकिस्तान की मिसाइल और ड्रोन हमलों की लहर को रोकने में अहम भूमिका निभाई थी। ये हमले भारत के ऑपरेशन सिंदूर — जो कि पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) में स्थित आतंकी ठिकानों के खिलाफ त्रि-सेवा हमला था — के जवाब में किए गए थे।

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट किया:
“आज सुबह मैं एयरफोर्स स्टेशन आदमपुर गया और हमारे बहादुर वायु सैनिकों और जवानों से मिला। साहस, संकल्प और निडरता की प्रतिमूर्ति इन योद्धाओं के साथ रहना एक विशेष अनुभव रहा।”

अधिकारियों ने बताया कि यह संभवतः पहली बार है जब भारत ने सार्वजनिक रूप से अपने S-400 सिस्टम की तस्वीर जारी की है। यह प्रणाली विश्व की सबसे उन्नत मिसाइल रक्षा प्रणालियों में गिनी जाती है।

पिछले सप्ताह हुए 100 घंटे के संघर्ष में पाकिस्तान ने पंजाब, जम्मू-कश्मीर, राजस्थान और गुजरात में कई सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया था। उसने पंजाब के फिरोजपुर में नागरिक इलाकों पर भी हमले किए। हालांकि भारतीय बलों ने न्यूनतम क्षति की रिपोर्ट दी है।

इसके विपरीत, भारत ने उच्च सटीकता वाले अपने जवाबी हमलों के सबूत भी पेश किए — जिनमें कम से कम 11 पाकिस्तानी सैन्य ठिकानों पर निशाना साधे जाने के सैटेलाइट चित्र शामिल हैं। इनमें रावलपिंडी स्थित नूर खान एयरबेस भी शामिल है, जो पाकिस्तान की सेना मुख्यालय से मात्र 10 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है।

जहां तक पाकिस्तान के दावों का सवाल है, भारत सरकार के सूत्रों के पास एक ही जवाब था — “झूठ।”
और आदमपुर से सामने आई प्रधानमंत्री की वह तस्वीर, जिसमें S-400 गर्व से खड़ा है, सब कुछ साफ बयां कर देती है।

ADVERTISEMENT
Advertisement
ADVERTISEMENT
Advertisement

ADVERTISEMENT
Advertisement

ADVERTISEMENT
Advertisement
ADVERTISEMENT
Advertisement