
बिहार : फरवरी का महीना प्यार करने वालों के लिए खास माना जाता है। इस दौरान मनाया जाने वाला वैलेंटाइन वीक युवाओं में खास उत्साह पैदा करता है। इसी बीच एक अजीबोगरीब घटना सामने आई है, जहां अपनी गर्लफ्रेंड से मिलने आए एक युवक को गांव वालों ने बच्चा चोर समझकर पीट दिया।
यह घटना बहेरी थाना इलाके के मोटगाह गांव की है। गुरुवार को उस समय हंगामा मच गया जब गांव वालों ने लड़की के कपड़े पहने एक युवक को पकड़कर पीटना शुरू कर दिया। शक के आधार पर उसे बच्चा चोर समझकर भीड़ ने तुरंत उसकी पिटाई शुरू कर दी।
जानकारी के मुताबिक, युवक बिरौल थाना इलाके के रामनगर-सुपौल बाजार का रहने वाला है। बताया जा रहा है कि फेसबुक के जरिए उसकी दोस्ती बहेरी इलाके की एक युवती से हुई थी। बातचीत के दौरान दोनों के बीच प्यार हो गया। इसके बाद युवक फिल्मी स्टाइल में लड़की के कपड़े पहनकर अपनी गर्लफ्रेंड से मिलने मोटगाह गांव पहुंचा।
गांव में उसे संदिग्ध हालत में घूमते देख लोगों को उस पर शक हुआ। पूछताछ में जब स्थिति साफ नहीं हुई तो कुछ लोगों ने अफवाह फैला दी कि वह बच्चा चोर है। देखते ही देखते भीड़ जमा हो गई और युवक की बेरहमी से पिटाई कर दी।
सूचना मिलते ही बहेरी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। लेकिन, युवक को पुलिस को सौंपने के बजाय गुस्साई भीड़ खुद ही उसे सजा देने पर तुली हुई थी। कुछ लोग पुलिस से हाथापाई भी करते दिखे। काफी मशक्कत के बाद पुलिस युवक को सुरक्षित थाने ले जा सकी।
बाद में युवक के पिता और परिवार के अन्य सदस्य थाने पहुंचे। जरूरी पूछताछ और औपचारिकताएं पूरी करने के बाद युवक को उसके परिवार को सौंप दिया गया।
थाना प्रभारी सूरज कुमार गुप्ता ने बताया कि मामले में किसी भी पक्ष की तरफ से कोई लिखित आवेदन नहीं मिला है। स्थानीय ग्राम प्रधान प्रतिनिधि मोहम्मद दस्तगीर के मुताबिक, युवक मानसिक रूप से कमजोर बताया जा रहा है। पुलिस फिलहाल पूरे मामले की जांच कर रही है।