डोरंडा कॉलेज में छात्राओं की सुरक्षा पर उठे सवाल, छेड़छाड़ के विरोध में छात्रों का प्रदर्शनBy Admin Tue, 12 May 2026 12:49 PM

रांची: राजधानी रांची के डोरंडा कॉलेज में छात्राओं की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। कॉलेज परिसर में लगातार इस तरह की घटनाओं की शिकायतें सामने आती रही हैं और अब एक नए मामले ने छात्रों के बीच आक्रोश बढ़ा दिया है।
जानकारी के अनुसार कॉलेज की एक छात्रा के साथ छेड़छाड़ की घटना हुई। पीड़ित छात्रा जब इसकी शिकायत लेकर शिक्षक के पास पहुंची तो आरोप है कि शिक्षक ने ही छात्रा के प्रति आपत्तिजनक टिप्पणी कर दी। इतना ही नहीं, जब छात्रा अपनी मां के साथ शिकायत करने पहुंची तब भी मां के सामने ही अभद्र और आपत्तिजनक बातें कही गईं। इस दौरान छात्रा की मां भावुक हो गईं और अपने आंसुओं को रोक नहीं सकीं।

घटना के बाद कॉलेज परिसर में छात्रों का गुस्सा फूट पड़ा। छात्र-छात्राएं एकजुट होकर विरोध प्रदर्शन करने लगे और संबंधित शिक्षक से सार्वजनिक माफी की मांग करने लगे। प्रदर्शन कर रहे छात्रों का कहना है कि कॉलेज में छात्राएं खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर रही हैं और लगातार हो रही ऐसी घटनाएं शिक्षण संस्थान के माहौल को खराब कर रही हैं। वहीं कई छात्र-छात्राओं के मन में यह डर भी साफ दिखाई दिया कि इस विरोध प्रदर्शन का असर कहीं उनके भविष्य, परीक्षा परिणाम या आंतरिक मूल्यांकन पर न पड़े। छात्रों ने कॉलेज प्रशासन से निष्पक्ष जांच, दोषियों पर कार्रवाई और छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।