मुजफ्फरपुर के एक निजी अस्पताल में अगलगी, खिड़की तोड़कर रेस्क्यू, 4 की मौतBy Admin Thu, 04 June 2026 02:26 PM

 मुजफ्फरपुर के ब्रह्मपुरा इलाके में गुरुवार सुबह एक निजी अस्पताल में आग लगने से हड़कंप मच गया. हॉस्पिटल के आईसीयू वार्ड में अगलगी के बाद मरीजों, परिजनों और अस्पताल कर्मियों के बीच अफरा-तफरी मच गयी. अस्पताल प्रशासन की मुस्तैदी से तत्काल फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और राहत बचाव अभियान के दौरान 25 से अधिक मरीजों को सुरक्षित बाहर निकाला. वही दम घुटने से चार मरीजों की मौत हो गई. 
खिड़की-दरवाजे तोड़कर घुसी रेस्क्यू टीम
डीएम सुब्रत कुमार सेन ने भी घटना में चार मौत की पुष्टि की है. मौके पर FSL की टीम पहुंची है और घटना की जांच कर रही है. बताया जा रहा है कि शॉर्ट सर्किट की वजह से ICU वार्ड में आग लग गयी थी. यह भी बताया जा रहा है कि मौके पर पहुंची दमकल टीम ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए आईसीयू की खिड़कियों और दरवाजों को तोड़कर अंदर फंसे मरीजों तक पहुंच बनाई.
फायर ब्रिगेड टीम के जवान ने क्या बताया?
मौके पर मौजूद फायरमैन ने बताया, “हमें लगभग 3.50 बजे सूचना प्राप्त हुई और हम 4 बजे मौके पर पहुंच गए थे. मौके पर पहुंचकर हमने पाया कि चौथी मंजिल पर स्थित ICU वॉर्ड में आग लगी हुई है. हमने रेस्क्यू अभियान चलाकर वहां से 15 से 20 मरीजों को निकाला. उन मरीजों को दूसरे अस्पताल में ले जाया गया है. अब परिस्थिति नियंत्रण में है.”
सीएम सम्राट चौधरी ने किया मुआवजे का ऐलान 
सीएम सम्राट चौधरी ने हादसे को लेकर दुख जताया है. उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर करते हुए लिखा, “मुजफ्फरपुर के एक निजी अस्पताल में आग लगने से चार व्यक्तियों की मृत्यु अत्यंत दुःखद है. शोक-संतप्त परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएँ हैं. ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें तथा परिजनों को इस कठिन समय में संबल दें. मृतकों के परिजनों को अविलंब 4-4 लाख रुपये का अनुग्रह अनुदान प्रदान करने का निर्देश दिया गया है. स्थानीय प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है तथा घायलों के उपचार हेतु सदर अस्पतालों में समुचित व्यवस्था की गई है.”
स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने दिए जांच के आदेश
स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि मुजफ्फरपुर के निजी अस्पताल में आग लगने से कई लोगों की मौत की खबर अत्यंत दुखद और हृदयविदारक है. उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की.
निशांत कुमार ने कहा कि जिला प्रशासन को घायल मरीजों की सुरक्षा और बेहतर उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं. साथ ही राहत और बचाव कार्य युद्धस्तर पर चलाने को कहा गया है. उन्होंने स्पष्ट किया कि पूरे मामले की जांच कराई जाएगी और हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय की जाएगी.
‘आग लगने के कारणों की होगी गंभीर जांच’
उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने भी घटना पर दुख जताते हुए कहा कि किसी अस्पताल में इस तरह की दुर्घटना होना बेहद गंभीर और चिंताजनक है. उन्होंने कहा कि सरकार यह पता लगाएगी कि आग किन परिस्थितियों में लगी और अस्पताल में सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं. उन्होंने कहा कि जांच रिपोर्ट आने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी और यदि किसी स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो उसके अनुसार कदम उठाए जाएंगे.