
पटना: राजद सुप्रीमो और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव 79 वर्ष के हो गए। गुरुवार को लालू प्रसाद यादव ने अपने परिवार के संग अपना बर्थडे सेलिब्रेट किया। इस खास मौके पर लालू यादव ने केक काट और उनकी धर्मपत्नी सह बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने उन्हें केक खिलाकर लंबी उम्र की कामना की। लालू यादव के छोटे बेटे और बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जन्मदिन समारोह की कुछ तस्वीरें साझा कीं। तस्वीरों में परिवार के सदस्य लालू यादव के साथ खुशी के पल बिताते नजर आए। सोशल मीडिया पर सामने आई तस्वीरों में पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी अपने पति लालू प्रसाद यादव को केक खिलाती हुई दिखाई दे रही हैं। परिवार के बीच मनाया गया यह सादगीपूर्ण समारोह समर्थकों और आरजेडी कार्यकर्ताओं के बीच चर्चा का विषय बना रहा।
लालू यादव के जन्मदिन पर पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने भी उन्हें शुभकामनाएं दीं। सोशल मीडिया पर दिनभर उनके समर्थकों की ओर से बधाई संदेशों की बाढ़ देखने को मिली।
तेज प्रताप यादव ने लिखा भावुक संदेश
इस अवसर पर लालू यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव ने अपने पिता के लिए भावुक पोस्ट साझा किया। उन्होंने लालू यादव के साथ अपनी एक तस्वीर पोस्ट करते हुए लिखा कि वह खुद को सौभाग्यशाली मानते हैं कि उन्हें लालू प्रसाद यादव का पुत्र होने का अवसर मिला।
तेज प्रताप ने लिखा कि उनके पिता ने उन्हें केवल जन्म ही नहीं दिया, बल्कि जीवन जीने का सही तरीका भी सिखाया है। उन्होंने कहा कि लालू यादव उनके लिए सिर्फ पिता नहीं, बल्कि एक महान नेता, प्रेरणास्रोत और आदर्श हैं।
"आपकी दूरदृष्टि और दृढ़ता प्रेरणादायक"
अपने संदेश में तेज प्रताप यादव ने लालू प्रसाद यादव के व्यक्तित्व की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनकी दूरदृष्टि, निस्वार्थ भावना और दृढ़ता दुर्लभ है। उन्होंने लिखा कि लालू यादव ने हमेशा परिवार को एकजुट रखा, हर सुख-दुख में साथ दिया और बिना किसी स्वार्थ के अपना जीवन परिवार और समाज के लिए समर्पित किया। तेज प्रताप का यह भावुक संदेश सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
बिहार की राजनीति का बड़ा नाम हैं लालू यादव
लालू प्रसाद यादव बिहार की राजनीति के सबसे प्रभावशाली नेताओं में गिने जाते हैं। उन्होंने लंबे समय तक राज्य और राष्ट्रीय राजनीति में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है। आज भी राष्ट्रीय जनता दल की राजनीति में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण मानी जाती है।
उनके जन्मदिन के अवसर पर राजनीतिक दलों के नेताओं, कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उनके स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना की।
आप जियें हजारों साल, हमसबों को मिलता रहे आशीर्वाद : संजय यादव
झारखंड सरकार में मंत्री संजय प्रसाद यादव ने लालू प्रसाद यादव के जन्मदिन पर उन्हें शुभकामना देते हुए कहा कि आप जियें हजारों साल। आपका आशीर्वाद हम जैसे राजद के सिपाही को हमेशा मिलता रहे। संजय यादव ने कहा कि लालू प्रसाद यादव बिहार ही नहीं देश की राजनीति के आजातशत्रु हैं। गरीबों, वंचितों को सिर्फ राजनीति ही नहीं बल्कि हर क्षेत्र मे मुखर आवाज देनेवाले सबसे बड़े नेता हैं। उन्होनें कहा कि खासकर राजनीति के क्षेत्र में पिछड़ों और दलितों को सम्मान दिलाने में सबसे बाद योगदान लालू प्रसाद यादव का है। झारखंड विधानसभा में राजद विधायक दल के नेता सुरेश पासवान ने कहा कि लालू प्रसाद यादव गरीबों के मसीहा हैं। 90 के दशक में लालू प्रसाद यादव की अगुआई में देश की राजनीति में एक ऐसी क्रांति आई जिसपर आज की राजनीति खड़ी है। इधर लालू यादव के जन्मदिन को लेकर बिहार के विभिन्न हिस्सों में आरजेडी कार्यकर्ताओं के बीच उत्साह देखने को मिला। कई जगहों पर केक काटकर और गरीबों के बीच भोजन वितरण कर उनके जन्मदिन को मनाया गया।