खान सर विवाद पर तेज प्रताप यादव का बड़ा बयान, बोले- 'हम खान-वान का समर्थन नहीं करते'By Admin Sun, 14 June 2026 11:56 AM

पटना:  बिहार के चर्चित शिक्षक खान सर तथा ज्ञान बिंदु कोचिंग संस्थान के निदेशक रोशन आनंद के बीच चल रहे विवाद पर अब राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है। इस मामले में जहां भोजपुरी अभिनेता और गायक खेसारी लाल यादव ने खान सर का समर्थन किया है, वहीं बिहार के पूर्व मंत्री और जनशक्ति जनता दल के प्रमुख तेज प्रताप यादव ने अलग रुख अपनाते हुए कहा है कि वह खान सर का समर्थन नहीं करते हैं।

मीडिया से बातचीत के दौरान जब तेज प्रताप यादव से खान सर को लेकर सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा, "हम खान-वान का समर्थन नहीं करते हैं।" उनके इस बयान के बाद एक बार फिर यह मामला चर्चा में आ गया है।

पवन सिंह को मंत्री बनने पर दी शुभकामनाएं

खान सर विवाद पर प्रतिक्रिया देने के साथ-साथ तेज प्रताप यादव ने भोजपुरी स्टार पवन सिंह को लेकर भी बड़ा बयान दिया। हाल ही में पवन सिंह के एमएलसी बनने के बाद उनके मंत्री बनने की चर्चाएं तेज हैं। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए तेज प्रताप यादव ने कहा कि यदि पवन सिंह मंत्री बनते हैं तो यह अच्छी बात है। उन्होंने कहा, "पवन सिंह मंत्री बनें, उन्हें मेरी तरफ से बधाई और शुभकामनाएं।"

क्या है पूरा विवाद?

दरअसल, 2 जून की रात पटना स्थित खान ग्लोबल स्टडीज संस्थान में कथित तौर पर हमला, तोड़फोड़ और पथराव की घटना सामने आई थी। इस घटना के बाद खान सर ने पुलिस में प्राथमिकी दर्ज कराते हुए आरोप लगाया था कि प्रतिद्वंद्वी कोचिंग संस्थान 'ज्ञान बिंदु' से जुड़े लोगों ने उनके संस्थान पर हमला किया है।

खान सर ने शुरुआत में यह भी दावा किया था कि घटना के दौरान फायरिंग की गई थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए पटना पुलिस ने जांच शुरू की और ज्ञान बिंदु के निदेशक रोशन आनंद सहित दो अन्य लोगों को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल तीनों आरोपी न्यायिक हिरासत में जेल में हैं।

गिरफ्तारी के बाद आया नया मोड़

रोशन आनंद की गिरफ्तारी के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया। ज्ञान बिंदु की ओर से एक कथित वीडियो जारी किया गया, जिसमें दावा किया गया कि फायरिंग की घटना खान सर की ओर से ही कराई गई थी। संस्थान की ओर से आरोप लगाया गया कि खान सर ने अपने सुरक्षा गार्ड से हवाई फायरिंग करवाई थी ताकि पूरे मामले को अलग दिशा दी जा सके।

इन आरोपों के बाद पुलिस ने खान सर और उनके दो गार्डों के खिलाफ भी कार्रवाई शुरू की। उनके खिलाफ जानलेवा हमला और आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।

कोर्ट से मिली राहत

विवाद बढ़ने के बीच खान सर ने अदालत का रुख किया। मामले की सुनवाई करते हुए पटना सिविल कोर्ट ने उन्हें अंतरिम राहत देते हुए 20 जून तक गिरफ्तारी पर रोक लगा दी। अदालत ने पुलिस से मामले की केस डायरी भी तलब की है, ताकि पूरे घटनाक्रम की समीक्षा की जा सके।

सबकी नजर अगली सुनवाई पर

खान सर और ज्ञान बिंदु विवाद अब केवल कोचिंग संस्थानों के बीच का मामला नहीं रह गया है, बल्कि यह कानूनी और राजनीतिक चर्चा का विषय बन चुका है। एक ओर पुलिस जांच जारी है, वहीं दूसरी ओर अदालत में सुनवाई के बाद आगे की स्थिति स्पष्ट होगी। फिलहाल सभी की निगाहें कोर्ट की अगली सुनवाई और जांच एजेंसियों की रिपोर्ट पर टिकी हुई हैं।