
आगरा: पूर्व केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री, पूर्व सांसद एवं वरिष्ठ अधिवक्ता मीनाक्षी लेखी ने दिव्यांग क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ऑफ इंडिया (DCCBI) की चेयरपर्सन की जिम्मेदारी संभाल ली है। आगरा में आयोजित “दिव्यांग क्रिकेट अवार्ड 2026” समारोह में उनके बोर्ड की नई चेयरपर्सन बनाए जाने की घोषणा की गई। DCCBI भारतीय दिव्यांग क्रिकेट और भारतीय व्हीलचेयर क्रिकेट टीम का संचालन करने वाली संस्था है।
नई जिम्मेदारी संभालने के बाद मीनाक्षी लेखी ने कहा कि वह पूरी निष्ठा और मेहनत के साथ दिव्यांग क्रिकेट को देश और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का प्रयास करेंगी। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि जीवन में कर्म प्रधान है। भगवान श्रीराम के जीवन से प्रेरणा लेते हुए उन्होंने खिलाड़ियों से ईमानदारी और निरंतर मेहनत के साथ कर्म करते रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कर्म करते रहने से रास्ते अपने आप खुलते चले जाएंगे।
मीनाक्षी लेखी ने कहा कि दिव्यांग क्रिकेट खिलाड़ियों की मेहनत, संघर्ष और प्रतिभा देश के लिए गौरव का विषय है। खिलाड़ियों को केवल खेल का मंच ही नहीं, बल्कि समाज में सम्मान, अवसर और बेहतर भविष्य उपलब्ध कराना भी सामूहिक जिम्मेदारी है।
DCCBI के अध्यक्ष मुकेश कंचन ने मीनाक्षी लेखी का स्वागत करते हुए कहा कि बोर्ड को एक ऐसे मार्गदर्शक की आवश्यकता थी, जो खिलाड़ियों को संघर्ष और कर्म की प्रेरणा दे सके। उन्होंने विश्वास जताया कि उनके मार्गदर्शन में दिव्यांग क्रिकेट को नई दिशा मिलेगी। व्हीलचेयर यूनिट के अध्यक्ष डॉ. भगवान तलवारे ने भी उनके अनुभव और नेतृत्व क्षमता को दिव्यांग क्रिकेट के लिए महत्वपूर्ण बताया।
बोर्ड के अनुसार, देश में दिव्यांग क्रिकेट को बढ़ावा देने के साथ अंतरराष्ट्रीय गतिविधियों को भी विस्तार दिया जा रहा है। इसी क्रम में मुंबई में भारत, श्रीलंका और नेपाल के बीच त्रिकोणीय दिव्यांग क्रिकेट श्रृंखला आयोजित करने की दिशा में तैयारी की जा रही है।
समारोह में DCCBI में कई अन्य पदों पर भी नियुक्तियां की गईं। नीरज अशोक शर्मा को सीनियर वाइस चेयरपर्सन, खालिद अब्बास को चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर (COO), नीरज शर्मा सीए को डायरेक्टर फाइनेंस तथा राजस्थान रॉयल्स के पूर्व आईपीएल खिलाड़ी अजित चंदेला को डायरेक्टर टेक्निकल बनाया गया।
झारखंड की महिमा उरांव सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी
आगरा में आयोजित दिव्यांग क्रिकेट अवार्ड 2026 समारोह में झारखंड की दिव्यांग पारा क्रिकेट खिलाड़ी महिमा उरांव को सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी के सम्मान से नवाजा गया। उनकी उपलब्धि को झारखंड के दिव्यांग क्रिकेट के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। बोर्ड पदाधिकारियों ने उम्मीद जताई कि नई टीम और नेतृत्व के साथ देश के हजारों दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने के नए अवसर तैयार होंगे।