सड़क हादसे में बाल-बाल बचे ‘द ग्रेट खली’, टोल प्लाजा के पास SUV की दूसरी गाड़ी से टक्करBy Mid Time Bureau Sun, 30 August 2026 11:46 PM

पानीपत: मशहूर भारतीय रेसलर और WWE स्टार ‘द ग्रेट खली’ रविवार को हरियाणा के पानीपत में हुए सड़क हादसे में बाल-बाल बच गए। बताया जा रहा है कि हादसा पानीपत में एक टोल प्लाजा के पास हुआ, जहां खली की SUV कार की दूसरी गाड़ी से टक्कर हो गई। हादसे के वक्त खली उसी SUV में मौजूद थे।

टक्कर के बाद मौके पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हादसे की सूचना मिलते ही आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे। हालांकि राहत की बात यह है कि दुर्घटना में ‘द ग्रेट खली’ को कोई गंभीर चोट नहीं आई है। वह पूरी तरह सुरक्षित बताए जा रहे हैं।

हादसे के बाद खली ने खुद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के माध्यम से अपने प्रशंसकों को अपनी स्थिति की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वह ठीक हैं और उनके फैंस को घबराने या चिंता करने की जरूरत नहीं है।

द ग्रेट खली के सड़क हादसे की खबर सामने आते ही उनके प्रशंसकों और समर्थकों में चिंता बढ़ गई थी। हालांकि, उनके सुरक्षित होने की जानकारी मिलने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली। खली की ओर से साझा की गई जानकारी के बाद उनके प्रशंसकों ने सोशल मीडिया पर उनके जल्द स्वस्थ रहने और सुरक्षित रहने की कामना की।