बडगाम में सुरक्षाबलों की कार्रवाई, मुठभेड़ में एक आतंकी ढेरBy IANS Fri, 04 September 2026 08:06 PM

Photo: IANS

जम्मू-कश्मीर के बडगाम जिले में आतंकवाद विरोधी अभियान ‘ऑपरेशन अशदर’ के दूसरे दिन शुक्रवार को सुरक्षाबलों ने एक आतंकी को मार गिराया। इलाके में तलाशी अभियान अभी जारी है।

सेना के अनुसार, मध्य कश्मीर के बडगाम जिले के अशदर गली इलाके में गुरुवार शाम शुरू हुआ संयुक्त तलाशी अभियान शुक्रवार सुबह फिर शुरू किया गया। गुरुवार को घेराबंदी और तलाशी अभियान के दौरान गोली चलने की आवाज सुनाई देने के बाद सेना की गश्ती टीम ने आतंकियों से संपर्क स्थापित किया था।

सेना की चिनार कोर ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर बताया कि खुफिया सूचना के आधार पर भारतीय सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल ने अशदर गली इलाके में संयुक्त तलाशी अभियान शुरू किया था।

अभियान के दौरान सुरक्षाबलों ने संदिग्ध गतिविधि देखी। चुनौती दिए जाने पर आतंकियों ने गोलीबारी शुरू कर दी, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच भीषण मुठभेड़ हुई। इस दौरान एक आतंकी मारा गया। सुरक्षाबलों ने मौके से एक एके राइफल और अन्य युद्ध संबंधी सामान बरामद किया है।

सेना और सुरक्षा बल इलाके में तलाशी अभियान चला रहे हैं ताकि किसी अन्य आतंकी की मौजूदगी की संभावना को खारिज किया जा सके।

बडगाम में पहले भी हुआ था बड़ा आतंकवाद विरोधी अभियान

बडगाम जिला अतीत में भी बड़े आतंकवाद विरोधी अभियानों का गवाह रहा है। वर्ष 1995 में चरार-ए-शरीफ कस्बे में सेना ने एक बड़ा अभियान चलाया था। यह क्षेत्र कश्मीर के प्रमुख सूफी संत शेख नूरुद्दीन वली की दरगाह के लिए प्रसिद्ध है।

उस समय पाकिस्तानी आतंकी कमांडर मस्त गुल ने कस्बे में प्रवेश कर दरगाह को घेर लिया था। सेना ने आतंकियों को बाहर निकलने से रोकने के लिए इलाके को घेर लिया था, लेकिन नागरिकों की जान और दरगाह को नुकसान से बचाने के लिए सेना ने कस्बे में सीधे प्रवेश नहीं किया।

यह गतिरोध 66 दिनों तक चला। बाद में मस्त गुल ने दरगाह में आग लगा दी, जिससे आसपास के मकान भी आग की चपेट में आ गए। राहत और बचाव अभियान के दौरान सेना, पुलिस, अर्धसैनिक बलों और नागरिक प्रशासन ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की, लेकिन मस्त गुल भाग निकलने में सफल रहा और अंततः पाकिस्तान पहुंच गया।

उस अभियान में 20 आतंकियों, दो सैनिकों और चार नागरिकों की मौत हुई थी।

फिलहाल अशदर गली में चल रहा अभियान आतंकियों की मौजूदगी और संभावित ठिकानों की पहचान पर केंद्रित है। सुरक्षा बल इलाके में तलाशी जारी रखे हुए हैं।