सागर में जहरीली शराब से हड़कंप, 84 लोगों का इलाज जारी; 30 आरोपी नामजदBy IANS Mon, 07 September 2026 11:15 AM

Photo: IANS

मध्य प्रदेश के सागर जिले की बांदा तहसील में जहरीली शराब पीने से करीब एक दर्जन लोगों की मौत के बाद 84 प्रभावित लोगों का विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा है। प्रारंभिक जांच में शराब में मेथनॉल की मिलावट सामने आई है।

अधिकारियों के अनुसार, 59 मरीज बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज, 17 जिला अस्पताल और सात बांदा सिविल अस्पताल में भर्ती हैं। एक गंभीर मरीज को बेहतर इलाज के लिए एयरलिफ्ट कर भोपाल के एम्स भेजा गया है। डॉक्टरों ने बताया कि अधिकांश मरीजों की हालत स्थिर है और नए मरीजों के अस्पताल पहुंचने की संख्या में कमी आई है।

उपमुख्यमंत्री एवं सागर जिले के प्रभारी मंत्री राजेंद्र शुक्ल ने सोमवार को अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की और अस्पताल पहुंचकर मरीजों तथा उनके परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ सख्त कार्रवाई, सभी शराब दुकानों की जांच और स्टॉक का सत्यापन करने के निर्देश दिए।

प्रारंभिक जांच के मुताबिक जहरीली शराब का निर्माण जिले के बाहर किया गया था और उसे स्थानीय स्तर पर सप्लाई किया गया। प्रशासन के अनुसार, प्रभावित मरीजों को जरूरी दवाएं, जांच और डायलिसिस की सुविधा प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराई जा रही है।

पुलिस ने मामले में कुल 30 नामजद आरोपियों के खिलाफ दो अलग-अलग मामले दर्ज किए हैं। बांदा थाने में 20 और विनायका थाने में 10 आरोपियों को नामजद किया गया है। पुलिस के अनुसार, इन पर अवैध शराब के निर्माण, आपूर्ति और बिक्री में शामिल होने का आरोप है।

विशेष पुलिस टीमें गठित कर संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। बांदा मामले में नामजद 20 आरोपियों में से 10 को अब तक हिरासत में लिया जा चुका है और उनसे पूछताछ की जा रही है।

प्रशासन ने इलाज में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतने और मरीजों को दवाओं तथा अन्य जरूरी संसाधनों की कमी नहीं होने देने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री मोहन यादव भी पूरे मामले की निगरानी कर रहे हैं।