
मध्य प्रदेश के आगर मालवा से दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। नलखेड़ा में तेज बहाव वाले बरसाती नाले को पार करने की कोशिश के दौरान श्रद्धालुओं से भरी एक कार बह गई। हादसे में कार सवार 8 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में 3 बच्चे, 2 महिलाएं और 3 पुरुष शामिल हैं।
जानकारी के मुताबिक, शनिवार को श्रद्धालु बगलामुखी मंदिर में दर्शन करने के बाद कार से लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में उफनते बरसाती नाले को पार करते वक्त कार अचानक तेज पानी के बहाव की चपेट में आ गई। हालात इतने तेजी से बिगड़े कि कार में सवार लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों के साथ पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। अब तक कार से 8 शव बाहर निकाले जा चुके हैं। हालांकि, मृतकों की पहचान की प्रक्रिया अभी जारी है।
रेस्क्यू के दौरान कार को रस्सी की मदद से बाहर निकालने की कोशिश की जा रही है। आशंका है कि वाहन के अंदर और शव हो सकते हैं। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि हादसे के वक्त कार में कुल कितने लोग सवार थे।
पुलिस के मुताबिक, सभी श्रद्धालु नलखेड़ा में लखुंदर नदी के किनारे स्थित प्रसिद्ध बगलामुखी मंदिर से दर्शन कर लौट रहे थे। मंदिर में देश के अलग-अलग हिस्सों से श्रद्धालु पहुंचते हैं।
आगर मालवा के एसपी दिलीप कुमार सोनी ने 8 लोगों की मौत की पुष्टि की है। उनके मुताबिक, मृतकों में 7 लोग ओडिशा के रहने वाले बताए जा रहे हैं, जबकि कार का ड्राइवर बड़ौद क्षेत्र का रहने वाला था और उज्जैन की एक ट्रैवल एजेंसी से जुड़ा हुआ था। हादसे में उसकी भी मौत हो गई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ओडिशा का यह परिवार उज्जैन घूमने आया था। इसके बाद सभी कार से नलखेड़ा स्थित बगलामुखी मंदिर दर्शन के लिए पहुंचे थे और वापस लौटते समय यह हादसा हो गया।
वहीं, हादसे की एक बड़ी वजह इलाके में हुई भारी बारिश को माना जा रहा है। पिछले 24 घंटे में इस क्षेत्र में करीब 4 इंच बारिश दर्ज की गई है। लगातार बारिश के कारण बगलामुखी मंदिर के पास से गुजरने वाला बरसाती नाला उफान पर था।
बताया जा रहा है कि मंदिर तक पहुंचने के लिए इस रास्ते की पुलिया को पार करना पड़ता है। इसी दौरान तेज बहाव के बीच कार को निकालने की कोशिश की गई और वाहन पानी की चपेट में आकर बह गया।