पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर डॉ. प्रदीप वर्मा ने अर्पित की पुष्पांजलिBy Mid Time Bureau Fri, 25 September 2026 06:34 PM

नई दिल्लीः भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय मंत्री और राज्यसभा सांसद डॉ. प्रदीप वर्मा ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती के अवसर पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने नई दिल्ली में पंडित दीनदयाल उपाध्याय को पुष्पांजलि अर्पित कर उनके विचारों और राष्ट्रसेवा के योगदान को याद किया।

इस मौके पर डॉ. प्रदीप वर्मा ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने अपना पूरा जीवन राष्ट्र और समाज की सेवा के लिए समर्पित किया। उन्होंने समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति के कल्याण को विशेष महत्व दिया।

डॉ. वर्मा ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय द्वारा प्रस्तुत ‘एकात्म मानववाद’ और ‘अंत्योदय’ की अवधारणाएं समाज और देश के समग्र विकास को लेकर महत्वपूर्ण दृष्टिकोण देती हैं।

उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का जीवन ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना, विचारों के प्रति प्रतिबद्धता और संगठन के प्रति समर्पण का उदाहरण रहा है। उनके विचार आज भी लोगों को प्रेरित करते हैं।

डॉ. प्रदीप वर्मा ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के आदर्शों को व्यवहार में उतारते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा और विकास की पहुंच सुनिश्चित करना ही उनके प्रति वास्तविक श्रद्धांजलि होगी।