
Photo: IANS
इंडिगो की दिल्ली से चेन्नई जा रही एक उड़ान को रविवार को विमान में पावर बैंक में आग लगने की घटना के बाद हैदराबाद डायवर्ट कर दिया गया। विमान में धुआं उठने से यात्रियों के बीच घबराहट फैल गई, लेकिन चालक दल की तत्परता से आग पर काबू पा लिया गया। विमान में सवार सभी यात्री और चालक दल के सदस्य सुरक्षित हैं।
एयरलाइन के अनुसार, 11 अक्टूबर को दिल्ली से चेन्नई के लिए संचालित इंडिगो की उड़ान संख्या 6ई 6115 में एक यात्री के निजी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण से धुआं निकलता दिखाई दिया। शुरुआती जानकारी में आग लगने की वजह पावर बैंक में खराबी बताई गई है।
घटना के बाद केबिन क्रू ने तुरंत कार्रवाई करते हुए अग्निशमन यंत्र की मदद से आग बुझाई। निर्धारित सुरक्षा प्रक्रियाओं के तहत पायलटों ने विमान को हैदराबाद की ओर मोड़ने का फैसला लिया। इसके बाद विमान ने राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सुरक्षित लैंडिंग की।
एयरलाइन ने बताया कि यात्रियों को उनके गंतव्य चेन्नई तक पहुंचाने के लिए वैकल्पिक विमान की व्यवस्था की गई है। साथ ही, यात्रियों को जलपान उपलब्ध कराने और समय-समय पर स्थिति की जानकारी देने सहित असुविधा कम करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
इंडिगो ने बयान में कहा कि इस अप्रत्याशित घटना से यात्रियों को हुई असुविधा के लिए उसे खेद है। एयरलाइन ने दोहराया कि यात्रियों और चालक दल की सुरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
एयरबस ए321-251एन विमान ने दिल्ली से दोपहर 1.30 बजे उड़ान भरी थी, जबकि इसका निर्धारित प्रस्थान समय दोपहर 1.10 बजे था। विमान को शाम 4 बजे चेन्नई पहुंचना था।
घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसे कथित तौर पर विमान में सवार एक यात्री ने मोबाइल फोन से रिकॉर्ड किया। वीडियो में कुछ यात्री अपने बैग से आग बुझाने की कोशिश करते दिखाई दे रहे हैं। हालांकि, घटना का सटीक समय और विमान में आग लगने की परिस्थितियों की विस्तृत जानकारी अभी सामने नहीं आई है।