Tiger Shroff पर फायरिंग मामले में बड़ा अपडेट, राजस्थान के कोटा से पकड़े गए 3 संदिग्धBy Mid Time Bureau Mon, 19 October 2026 11:41 AM

मुंबई में अभिनेता टाइगर श्रॉफ की गाड़ी पर हुई फायरिंग के मामले में पुलिस ने तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया है। जानकारी के मुताबिक, तीनों को राजस्थान के कोटा में रेलवे कॉलोनी थाना क्षेत्र से पकड़ा गया। बताया जा रहा है कि घटना के करीब 16 घंटे के भीतर पुलिस ने यह कार्रवाई की। हालांकि, कोटा पुलिस की ओर से गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

जांच में सामने आई शुरुआती जानकारी के मुताबिक, तीनों संदिग्ध मुंबई से ट्रेन के जरिए निकले थे। उनकी लोकेशन पुणे-मुंबई एक्सप्रेस ट्रेन में होने की सूचना मिली थी। हिरासत में लिए गए लोगों में से एक बिहार का रहने वाला बताया जा रहा है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और संदिग्धों से पूछताछ के बाद कई अहम जानकारियां सामने आ सकती हैं।

कैसे हुआ टाइगर श्रॉफ पर हमला?

मामला 18 अक्टूबर की शाम करीब 7 बजे का बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, टाइगर श्रॉफ जुहू स्थित फुटबॉल मैदान से अपनी गाड़ी में निकल रहे थे। उस वक्त मौके पर उनके प्रशंसकों की काफी भीड़ मौजूद थी। इसी दौरान कुछ अज्ञात हमलावर वहां पहुंचे और अभिनेता की गाड़ी पर ताबड़तोड़ सात राउंड फायरिंग कर दी।

इस हमले में टाइगर श्रॉफ बाल-बाल बच गए, जबकि उनके ड्राइवर के गंभीर रूप से घायल होने की जानकारी सामने आई। घटना के वक्त अभिनेता के साथ करणवीर मेहरा और अभिषेक बजाज भी मौजूद थे। उनकी गाड़ियां टाइगर की गाड़ी के पीछे चल रही थीं।

फिलहाल, इस मामले में तीन संदिग्धों को हिरासत में लिए जाने की बात सामने आई है। पुलिस जांच के बाद ही हमले की वजह और आरोपियों की भूमिका को लेकर स्थिति साफ हो पाएगी।