
जम्मू-कश्मीर के ऊधमपुर जिले में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यात्रियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर गुल्ली गला इलाके में करीब 100 फीट गहरी खाई में गिर गई। इस दुर्घटना में कई यात्रियों के घायल होने की खबर है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, हादसे में 16 यात्री घायल हुए हैं, जबकि एक बच्ची और एक महिला की मौत की सूचना सामने आई है।
जानकारी के अनुसार, बस संख्या JK02AL-3477 बुधवार सुबह करीब 6:45 बजे पंचौंड से ऊधमपुर के लिए निकली थी। सुबह लगभग 7:30 बजे लाटी मुख्यालय से करीब 45 किलोमीटर और पंचौंड से पांच किलोमीटर की दूरी पर गुल्ली गला के पास चालक का बस से नियंत्रण हट गया। इसके बाद बस गहरी खाई में जा गिरी।
दुर्घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू कर दिया। लोगों ने बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। घायलों को निजी वाहनों के जरिए उप जिला अस्पताल रामनगर पहुंचाया गया। शुरुआती जानकारी के अनुसार, छह घायलों को उपचार के लिए अस्पताल शिफ्ट किया जा रहा था। वहीं, केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने बताया कि 9 से 10 घायल यात्रियों को अस्पताल ले जाने की व्यवस्था की गई है।
हादसे को लेकर पूर्व सरपंच हंस राज ने बताया कि दुर्घटनास्थल पर सड़क की स्थिति काफी खराब है। ऐसे में शुरुआती तौर पर सड़क की खराब हालत को हादसे की संभावित वजह माना जा रहा है। हालांकि, दुर्घटना के असल कारणों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
बस हादसे के बाद केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने ऊधमपुर के उपायुक्त अनंत द्विवेदी से बातचीत कर स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए बताया कि स्थानीय लोगों की मदद से यात्रियों को बस से बाहर निकाल लिया गया है। बचाव दल भी घटनास्थल पर पहुंचकर राहत कार्य में जुट गया है।
डॉ. जितेंद्र सिंह के मुताबिक, प्रशासन घायलों को चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने में लगा है और उनका कार्यालय भी जिला प्रशासन के संपर्क में है। हालांकि, मृतकों की संख्या को लेकर शुरुआती जानकारियों में अंतर है। हादसे में एक महिला और एक बच्ची की मौत की सूचना सामने आई है, जबकि केंद्रीय मंत्री के शुरुआती बयान में किसी की मौत की पुष्टि नहीं की गई थी। ऐसे में मृतकों की आधिकारिक संख्या की पुष्टि का इंतजार है।