रामपुर में मोहम्मद शरीफ पर जानलेवा हमला, अज्ञात हमलावरों ने मारी गोलीBy Mid Time Bureau Wed, 11 November 2026 12:48 PM

रामपुर: उत्तर प्रदेश के रामपुर में 2007 के CRPF कैंप हमले के मामले में आरोपी रहे मोहम्मद शरीफ पर जानलेवा हमला हुआ है। अज्ञात हमलावरों ने उसे गोली मार दी और वारदात के बाद मौके से फरार हो गए। गोली लगने से घायल शरीफ को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

दरअसल, 31 दिसंबर 2007 की रात रामपुर स्थित CRPF कैंप पर आतंकी हमला हुआ था। इस हमले में सात CRPF जवानों और एक रिक्शा चालक की जान चली गई थी, जबकि पांच अन्य लोग घायल हुए थे। इस हमले की जिम्मेदारी आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा ने ली थी। जांच के दौरान मोहम्मद शरीफ समेत कई लोगों को इस मामले में आरोपी बनाया गया था।

2019 में सुनाई गई थी फांसी की सजा

इस मामले में लंबी कानूनी प्रक्रिया चली। नवंबर 2019 में रामपुर की ट्रायल कोर्ट ने मोहम्मद शरीफ समेत चार आरोपियों को फांसी की सजा सुनाई थी। हालांकि, इसके बाद मामला इलाहाबाद हाईकोर्ट पहुंचा, जहां सुनवाई के दौरान जांच में कई गंभीर खामियां सामने आईं।

2025 में हाईकोर्ट ने किया था बरी

29 अक्टूबर 2025 को इलाहाबाद हाईकोर्ट ने हत्या और आतंकी हमले समेत गंभीर आरोपों में सभी पांच आरोपियों को बरी कर दिया था। हालांकि, शस्त्र अधिनियम के तहत दी गई सजा को बरकरार रखा गया था। इसके बाद नवंबर 2025 में मोहम्मद शरीफ जेल से बाहर आ गया था।

वहीं, उत्तर प्रदेश सरकार ने हाईकोर्ट के इस फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी। अब रामपुर में शरीफ पर हुए गोलीकांड ने एक बार फिर 2007 के CRPF कैंप हमले से जुड़े इस मामले को चर्चा में ला दिया है। फिलहाल पुलिस हमलावरों की पहचान और गोलीबारी के पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी है।