एअर इंडिया की मुंबई जाने वाली फ्लाइट में हाईजैक की धमकी, कोलकाता एयरपोर्ट पर हड़कंपBy Mid Time Bureau Wed, 11 November 2026 01:27 PM

पश्चिम बंगाल के कोलकाता स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर बुधवार सुबह हाईजैक की धमकी मिलने से अफरा-तफरी मच गई। मुंबई जाने वाली एअर इंडिया की एक फ्लाइट के शौचालय के शीशे पर विमान को हाईजैक करने से जुड़ा धमकी भरा संदेश लिखा मिला। सूचना मिलते ही एयरपोर्ट की सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं और विमान की जांच शुरू कर दी गई।

जानकारी के मुताबिक, विमान उड़ान भरने की तैयारी में था। इसी दौरान शौचालय के शीशे पर लिखे संदेश को देखा गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पायलट ने तत्काल एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को इसकी सूचना दी। इसके बाद सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत विमान को आइसोलेशन बे में ले जाया गया।

CISF ने विमान की चप्पे-चप्पे पर की जांच

धमकी की जानकारी मिलने के बाद केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) और एयरपोर्ट के विशेष सुरक्षा अधिकारियों ने मोर्चा संभाल लिया। विमान के अंदर संदिग्ध वस्तुओं की तलाश के लिए सघन जांच अभियान चलाया गया। सुरक्षा एजेंसियां यह सुनिश्चित करने में जुटीं कि विमान में किसी तरह का खतरा मौजूद न हो।

धमकी भरा संदेश लिखने वाले की तलाश

दूसरी ओर, पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने धमकी के पीछे की वजह और संदेश लिखने वाले व्यक्ति की पहचान करने के लिए जांच शुरू कर दी है। इसके तहत विमान में सवार यात्रियों की सूची की पड़ताल की जा रही है। साथ ही एयरपोर्ट परिसर और विमान के अंदर लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।

फिलहाल, सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की जांच में जुटी हैं। धमकी किसने दी और इसके पीछे क्या मकसद था, इसका पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।