जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में CRPF पेट्रोलिंग पार्टी पर आतंकी हमला, दो जवान घायलBy Mid Time Bureau Wed, 11 November 2026 03:10 PM

कुलगाम: जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में बुधवार दोपहर सुरक्षाबलों को निशाना बनाकर हमला किया गया। बाइक सवार अज्ञात हमलावरों ने CRPF की पेट्रोलिंग पार्टी पर अचानक गोलीबारी कर दी। इस हमले में दो CRPF जवान घायल हो गए हैं। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।

CRPF से मिली जानकारी के मुताबिक, घटना बुधवार दोपहर करीब 2:15 बजे की है। जवान इलाके में पेट्रोलिंग कर रहे थे। इसी दौरान बाइक पर सवार होकर पहुंचे हमलावरों ने उन पर फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई गोलीबारी के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हमले में घायल दोनों जवानों को इलाज के लिए अनंतनाग जिले के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

हमले के बाद सुरक्षाबलों की जवाबी कार्रवाई

गोलीबारी के बाद CRPF के जवानों ने भी जवाबी कार्रवाई की। घटना की सूचना मिलते ही क्विक रिएक्शन टीमें (QRT) तत्काल मौके पर पहुंच गईं। इसके बाद सुरक्षाबलों ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों की घेराबंदी कर दी।

हमलावरों की तलाश में सर्च ऑपरेशन जारी

हमले के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने इलाके में तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। सुरक्षाबल बाइक सवार हमलावरों की पहचान करने और उन्हें पकड़ने के लिए आसपास के क्षेत्रों में सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं। साथ ही इलाके में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है।

फिलहाल सुरक्षाबलों का अभियान जारी है। हमलावर किस रास्ते से आए और वारदात के बाद किस दिशा में फरार हुए, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। मामले को लेकर सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं।