कार्तिगई दीपम मामले में सुप्रीम कोर्ट सख्त, तमिलनाडु के मुख्य सचिव समेत वरिष्ठ अधिकारियों को अवमानना नोटिसBy IANS Fri, 27 November 2026 04:14 PM

Photo: IANS

नई दिल्ली। तमिलनाडु के मदुरै जिले की तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी पर पारंपरिक कार्तिगई दीपम दीपक जलाने संबंधी आदेश का कथित तौर पर जानबूझकर पालन नहीं करने पर सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को सख्त रुख अपनाया। शीर्ष अदालत ने राज्य के मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक (डीजीपी), हिंदू धार्मिक एवं धर्मार्थ बंदोबस्ती (एचआर एंड सीई) विभाग के अधिकारियों और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों को अवमानना नोटिस जारी कर जवाब मांगा है।

जस्टिस अरविंद कुमार और जस्टिस विपुल एम. पंचोली की पीठ ने अधिकारियों से पूछा कि 20 नवंबर को दिए गए अदालत के आदेश का पालन नहीं करने पर उनके खिलाफ अवमानना की कार्रवाई क्यों न शुरू की जाए। इस आदेश में विवादित पहाड़ी पर स्थित 'दीपथून' नामक पत्थर के स्तंभ पर पारंपरिक दीपक जलाने की अनुमति दी गई थी।

मामले में घटनाक्रम पर कड़ी नाराजगी जताते हुए सुप्रीम कोर्ट ने प्रथम दृष्टया कहा कि घटनाओं का क्रम संकेत देता है कि कार्यपालिका के अधिकारियों ने अपने राजनीतिक आकाओं के निर्देश पर काम किया।

पीठ ने तमिलनाडु के मुख्य सचिव को निर्देश दिया कि वह एक हलफनामा दाखिल कर उन सभी संचार माध्यमों का ब्योरा दें, जिनके जरिए सुप्रीम कोर्ट के आदेश को लागू करने के संबंध में अधिकारियों के बीच बातचीत हुई थी। इसमें ईमेल, टेलीफोन कॉल और संदेशों का विवरण भी शामिल करने को कहा गया है। अदालत ने मुख्य सचिव को अगली सुनवाई में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित रहने का भी निर्देश दिया।

सुप्रीम कोर्ट ने स्पष्ट किया कि किसी संवैधानिक अदालत के आदेश को लागू किया जाए या नहीं, इसका फैसला करने का अधिकार अधिकारियों के पास नहीं है। पीठ ने संविधान के अनुच्छेद 144 का भी उल्लेख किया, जिसके तहत देश के सभी सिविल और न्यायिक प्राधिकारियों के लिए सुप्रीम कोर्ट की सहायता में कार्य करना अनिवार्य है।

मामले में एक अन्य महत्वपूर्ण आदेश देते हुए शीर्ष अदालत ने पहाड़ी पर सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) को सौंप दी। साथ ही मंदिर के न्यासी मंडल (बोर्ड ऑफ ट्रस्टीज) को निलंबित करने का निर्देश दिया। अदालत ने अधिकारियों को यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि शनिवार को दीपथून पर पारंपरिक दीपक जलाया जाए।

इससे पहले 20 नवंबर को सुप्रीम कोर्ट ने एक बार के विशेष उपाय के तौर पर 24 नवंबर को तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी पर दीपथून में कार्तिगई दीपम जलाने की अनुमति दी थी। हालांकि, इसके लिए कड़े सुरक्षा और प्रशासनिक प्रतिबंध लगाए गए थे।

अदालत ने निर्देश दिया था कि मंदिर प्रशासन की केवल अधिकृत टीम और नामित सरकारी अधिकारियों को ही दीपथून तक जाने की अनुमति होगी। साथ ही आम लोगों के जमावड़े, जुलूस और विरोध प्रदर्शनों पर रोक लगाई गई थी।

हालांकि, 24 नवंबर को निर्धारित स्थान यानी विवादित पत्थर के स्तंभ पर दीपक नहीं जलाया गया। इसके बजाय मंदिर प्रशासन ने उचिपिल्लैयार मंदिर के पास पारंपरिक स्थान पर दीप प्रज्वलित किया।

इसके बाद तमिलनाडु सरकार ने सुप्रीम कोर्ट के आदेश को चुनौती देते हुए पुनर्विचार याचिका दाखिल की। सरकार ने दीपथून पर अनुष्ठान नहीं हो पाने के लिए खेद जताया और इसकी जिम्मेदारी मंदिर प्रशासन पर डाल दी।

इस बीच, याचिकाकर्ताओं ने अदालत में अवमानना याचिकाएं दाखिल कर आरोप लगाया कि राज्य सरकार के अधिकारियों और मंदिर प्रशासन के पदाधिकारियों ने जानबूझकर सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों की अवहेलना की। याचिकाकर्ताओं ने यह भी जानना चाहा कि क्या आदेश लागू नहीं करने से संबंधित कोई निर्देश मुख्यमंत्री या राज्य के अन्य मंत्रियों की ओर से दिए गए थे।

सुप्रीम कोर्ट की ताजा कार्रवाई से स्पष्ट है कि अदालत ने अपने आदेशों के अनुपालन को लेकर राज्य प्रशासन की जवाबदेही तय करने का रुख अपनाया है। अब मुख्य सचिव के हलफनामे और अगली सुनवाई में अधिकारियों के जवाब पर इस मामले की आगे की दिशा निर्भर करेगी।