फॉर्मूला 1: एलपाइन टीम में हड़कंप, टीम बॉस ओलिवर ओक्स ने इस्तीफा दिया, ड्राइवर बदलने की भी खबरBy Admin Wed, 07 May 2025 07:51 AM









बीजिंग (IANS): फॉर्मूला 1 की एलपाइन टीम में बड़ा फेरबदल देखने को मिला है। टीम प्रिंसिपल ओलिवर ओक्स ने केवल दस महीने बाद ही अपने पद से इस्तीफा दे दिया, जिससे टीम में भारी अस्थिरता फैल गई है।

टीम की ओर से जारी बयान में कहा गया है, "BWT एलपाइन फॉर्मूला वन टीम यह पुष्टि करती है कि ओलिवर ओक्स ने टीम प्रिंसिपल के पद से इस्तीफा दे दिया है।"
बयान में यह भी जोड़ा गया, "आज से फ्लावियो ब्रियाटोरे कार्यकारी सलाहकार के रूप में अपनी भूमिका जारी रखेंगे और ओक्स द्वारा पहले निभाई जा रही जिम्मेदारियां भी संभालेंगे।"

ओक्स का इस्तीफा ऐसे समय आया है जब एक दिन पहले यह रिपोर्ट सामने आई थी कि ड्राइवर जैक डूहान को आगामी ग्रां प्री से हटाकर रिज़र्व ड्राइवर फ्रांको कोलापिंटो को उनकी जगह लाया जा रहा है।

75 वर्षीय फ्लावियो ब्रियाटोरे लंबे समय से एन्सटोन बेस्ड इस टीम से जुड़े रहे हैं, जब यह टीम पहले बेनेटन और फिर रेनॉल्ट के नाम से जानी जाती थी। उनके नेतृत्व में टीम ने तीन कंस्ट्रक्टर्स और चार ड्राइवर्स चैंपियनशिप जीती थीं।

हालांकि, ब्रियाटोरे का पिछला कार्यकाल 2008 के 'क्रैशगेट' स्कैंडल के बाद विवादों में घिर गया था, जब ड्राइवर नेल्सन पिक्वेट जूनियर को जानबूझकर क्रैश करने का निर्देश दिया गया था ताकि फर्नांडो अलोंसो जीत सकें।
इस विवाद के बाद ब्रियाटोरे को रेनॉल्ट से बाहर कर दिया गया और उन पर FIA द्वारा प्रतिबंध भी लगाया गया था, जिसे बाद में एक फ्रांसीसी अदालत ने रद्द कर दिया।

ब्रियाटोरे ने जुलाई 2024 में चौंकाने वाली वापसी की और माना जा रहा था कि एलपाइन में उनकी असल शक्ति उनके पद से कहीं अधिक थी, जबकि ओक्स के पास सीमित निर्णय लेने की शक्ति थी।

ओक्स का इस्तीफा एलपाइन में हुए वरिष्ठ प्रबंधन के लगातार इस्तीफों की कड़ी का हिस्सा है, जो इस टीम के शीर्ष स्तर पर गहरी अस्थिरता को दर्शाता है।

ओटमार शैफनॉर ने 2022 की शुरुआत में टीम प्रिंसिपल का पद संभाला था, लेकिन जुलाई 2023 में उन्हें भी पद छोड़ना पड़ा। इसी बदलाव में मुख्य तकनीकी अधिकारी पैट फ्राय और खेल निदेशक एलन परमेन को भी बाहर का रास्ता दिखाया गया।

इसके बाद ब्रूनो फामिन ने कुछ समय के लिए नेतृत्व संभाला, लेकिन अगस्त 2024 में वे भी हट गए और ओक्स को यह जिम्मेदारी दी गई।

तकनीकी स्तर पर भी उथल-पुथल जारी रही—तकनीकी निदेशक मैट हारमैन और वायुगतिकी प्रमुख डिर्क डी बीयर ने 2024 की शुरुआत में इस्तीफा दे दिया, और 20 वर्षों से टीम से जुड़े रॉब व्हाइट ने भी मई 2024 में संचालन निदेशक का पद छोड़ दिया।

एलपाइन टीम अब लगातार भीतरी संकट और नेतृत्व परिवर्तन के दौर से गुजर रही है, जिससे उसकी प्रतिस्पर्धात्मकता पर भी सवाल उठने लगे हैं।

ADVERTISEMENT
Advertisement
ADVERTISEMENT
Advertisement

ADVERTISEMENT
Advertisement

ADVERTISEMENT
Advertisement
ADVERTISEMENT
Advertisement